KNEWS DESK- लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का आज तीसरा दिन है। रविवार, 15 नवंबर को व्रती डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य देंगे। मौसम विभाग के अनुसार बिहार के सभी 38 जिलों में सूर्यास्त का समय जारी किया गया है। किशनगंज में सबसे पहले शाम 4:49 बजे सूर्यास्त होगा, जबकि भभुआ में सबसे देर से 5:08 बजे सूर्यदेव अस्त होंगे।

पटना में 5:01 बजे होगा सूर्यास्त
राजधानी पटना में सूर्यास्त का समय शाम 5:01 बजे निर्धारित है। यहां 90 गंगा घाटों और 62 स्थायी-अस्थायी तालाबों पर करीब 12 से 13 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए घाटों पर ड्रोन और CCTV से निगरानी की जा रही है।
इन जिलों में सबसे पहले डूबेंगे सूर्यदेव
किशनगंज में शाम 4:49 बजे, पूर्णिया, अररिया और कटिहार में 4:51 बजे, भागलपुर, सुपौल और मधेपुरा में 4:54 बजे सूर्यास्त होगा। खगड़िया, बांका और सहरसा में 4:55 बजे, जबकि मधुबनी में 4:56 बजे सूर्यास्त होगा।
मुजफ्फरपुर और शिवहर में 4:59 बजे, पूर्वी चंपारण, नालंदा और वैशाली में 5:00 बजे सूर्यास्त होगा। सारण, गोपालगंज और जहानाबाद में 5:02 बजे तथा गया, भोजपुर, सिवान और अरवल में 5:03 बजे सूर्यास्त होगा। रोहतास, बक्सर और औरंगाबाद में 5:06 बजे, जबकि भभुआ में 5:08 बजे सूर्यास्त होगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
पटना में छठ को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। नदियों में निजी नावों के परिचालन पर रोक लगाई गई है। मौसम विभाग के अनुसार छठ के दौरान मौसम साफ रहने की संभावना है, हालांकि सोमवार सुबह हल्का कोहरा रह सकता है। शनिवार को व्रतियों ने खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू किया। सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व का समापन होगा।