बिहार के अररिया में दिनदहाड़े अमित भगत की गोली मारकर हत्या के बाद सामने आए एक वीडियो ने मामले को और पेचीदा कर दिया है। वीडियो में चार पुतलों की प्रतीकात्मक अर्थी निकाली जाती दिखाई दे रही है, जिन पर चार लोगों के नाम लिखे हैं। पुलिस हत्या के पीछे अवैध संबंध से जुड़े विवाद की आशंका जता रही है और मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है।
Knews Desk – अररिया जिले के कुर्साकांटा थाना क्षेत्र में पहुंसी-बलचंदा मार्ग पर महर्षि मेंही प्रोजेक्ट हाई स्कूल चौक के पास अमित भगत की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अमित अपनी चार पहिया गाड़ी से जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार को बोलेरो पिकअप से टक्कर मारी गई और विवाद के बाद हमलावरों ने पिस्टल से दो गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली अमित के सिर में लगी और उनकी मौत हो गई।
टक्कर के बाद विवाद ने लिया हिंसक रूप
जानकारी के मुताबिक अमित भगत की कार का नंबर BR 38 Q 8467 था, जबकि बलचंदा की तरफ से आ रही बोलेरो पिकअप का नंबर BR 11 G-5613 बताया गया है। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में विवाद हुआ और इसी दौरान पिस्टल से फायरिंग की गई। गोली लगने के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।
सूचना मिलने पर कुआड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अमित को कुर्साकांटा पीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टल के दो खोखे भी बरामद किए हैं।
हत्या के बाद चार पुतलों का जनाजा, वीडियो से बढ़ा सवाल
अमित भगत की हत्या के बाद सामने आए वीडियो में बांस और फूस से बनाए गए चार पुतलों को सफेद कपड़े में लपेटकर उनकी प्रतीकात्मक अर्थी निकाली जाती दिखाई दे रही है। वीडियो में बीच में मिट्टी का घड़ा और जलता हुआ दीया भी नजर आ रहा है। पुतलों पर कागज के जरिए चार लोगों के नाम लिखे गए हैं।
दावा किया जा रहा है कि इनमें कुआड़ी थाना क्षेत्र के तीन और पहुंसी के एक व्यक्ति का नाम शामिल है। इनमें एक महिला का नाम भी होने की बात कही जा रही है। अब पुलिस इस वीडियो की सच्चाई और इसमें लिखे नामों के पीछे की वजह की भी जांच कर रही है।
अमित भगत रजिस्ट्री ऑफिस में मोहर्रिर के मुंशी के तौर पर काम करते थे और परिवार के भरण-पोषण की मुख्य जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। अमित दो भाइयों में छोटे थे। उनके बड़े भाई अमरनाथ भगत सरकारी सेवा में हैं, जबकि उनकी दो बहनें भी हैं।
अमित की शादी फारबिसगंज में हुई थी। उनके दो बेटे हैं, 15 वर्षीय ऐशराज और 11 वर्षीय युवराज। पिता की हत्या के बाद दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
अवैध संबंध के विवाद की ओर जांच
अररिया एसपी जितेंद्र कुमार के मुताबिक पुलिस की अब तक की जांच में हत्या के पीछे अवैध संबंध से जुड़े विवाद की आशंका सामने आई है। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले से किसी व्यक्ति को लेकर तनातनी चल रही थी।
एसपी ने बताया कि पुलिस को हत्या में शामिल व्यक्ति के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल गई है और केस डिटेक्ट कर लिया गया है। हालांकि मामले में सभी संदिग्धों की भूमिका की जांच की जा रही है।
हत्याकांड की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। पुलिस घटना में शामिल सभी संदिग्धों की जल्द गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है। जांच में हत्या की साजिश, हमलावरों की भूमिका और चार नामों वाले वीडियो की वास्तविकता को भी केंद्र में रखा गया है।