रामलीला मैदान की रैली SOP पर व्यापारियों का विरोध, CTI बोला- नियम तय करने से पहले कारोबारियों की सुनें

रामलीला मैदान में धरना-प्रदर्शन और रैली के लिए तैयार किए जा रहे नए SOP ड्राफ्ट को लेकर चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने आपत्ति जताई है। संगठन ने दिल्ली पुलिस से मांग की है कि SOP को अंतिम रूप देने से पहले रामलीला मैदान के आसपास के 20 बाजारों के व्यापारियों से चर्चा की जाए। CTI ने व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए SOP में छह अहम प्रावधान शामिल करने की मांग रखी है।

Knews Desk – रामलीला मैदान में धरना-प्रदर्शन, रैली और जनसभा आयोजित करने के लिए दिल्ली पुलिस की ओर से तैयार किए जा रहे नए SOP ड्राफ्ट पर CTI ने सवाल उठाए हैं। CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर मांग की है कि SOP को अंतिम रूप देने से पहले CTI और आसपास के 20 बाजारों के व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त बैठक की जाए। संगठन का कहना है कि रैली और प्रदर्शन से इन बाजारों के कारोबार, ट्रैफिक और ग्राहकों की आवाजाही पर सीधा असर पड़ सकता है।

रामलीला मैदान के आसपास के 20 बाजारों पर पड़ेगा असर

CTI के मुताबिक सदर बाजार, चांदनी चौक, चावड़ी बाजार, भागीरथ प्लेस, खारी बावली, नया बाजार, कश्मीरी गेट, करोल बाग, लाजपत राय मार्केट, कनॉट प्लेस, पहाड़गंज, दरियागंज, जामा मस्जिद मार्केट, बल्लीमारान, किनारी बाजार, अजमेरी गेट, मोरी गेट और तुर्कमान गेट समेत 20 बाजारों के व्यापारी प्रभावित हो सकते हैं।

CTI ने मांग की है कि दिवाली, नवरात्रि, रामलीला, छठ और ईद जैसे प्रमुख त्योहारों से 15 दिन पहले और 15 दिन बाद तक रामलीला मैदान में धरना-प्रदर्शन और रैली की अनुमति नहीं दी जाए। संगठन का कहना है कि त्योहारों के दौरान व्यापारियों का कारोबार सबसे ज्यादा होता है और प्रदर्शन या रैली से कारोबार प्रभावित हो सकता है।

शादी के सीजन में बड़ी रैलियों पर भी रोक

संगठन ने 20 नवंबर से शुरू होने वाले शादी के सीजन और 15 जनवरी से 28 जून तक के विवाह मुहूर्तों के दौरान बड़ी रैलियों पर रोक लगाने की मांग की है। CTI के मुताबिक इससे होटल, रेस्टोरेंट, बैंक्वेट हॉल, बाजार और ट्रैफिक पर पड़ने वाले दबाव को कम किया जा सकेगा।

CTI ने SOP में प्रस्तावित 50 हजार लोगों की भीड़ की सीमा पर भी सवाल उठाया है। संगठन का कहना है कि इतनी बड़ी भीड़ से भी आसपास के बाजारों में जाम और कारोबार में परेशानी पैदा हो सकती है। CTI ने मांग की है कि भीड़ की सीमा बाजारों की स्थिति को ध्यान में रखकर तय की जाए और रैली के दिन ट्रैफिक डायवर्जन की जानकारी पहले से उपलब्ध कराई जाए।

CTI ने यह भी मांग की है कि रामलीला मैदान में रैली या धरना-प्रदर्शन होने पर आसपास के बाजारों को बंद करने के लिए बाध्य न किया जाए। संगठन के मुताबिक रैली के दिन बाजारों तक आने-जाने वाले रास्ते खुले रखे जाएं और किसी भी रास्ते को बिना पूर्व सूचना के बंद न किया जाए।

व्यापारियों के नुकसान की भरपाई का प्रावधान

CTI ने SOP में आर्थिक नुकसान की भरपाई का प्रावधान शामिल करने की मांग भी की है। संगठन का कहना है कि अगर SOP लागू होने के बावजूद किसी रैली या प्रदर्शन की वजह से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए और नुकसान की भरपाई का प्रावधान होना चाहिए।

CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि संगठन धरना-प्रदर्शन के खिलाफ नहीं है और लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि एक की आजादी दूसरे के व्यापार की बर्बादी का कारण नहीं बननी चाहिए। गोयल ने दावा किया कि पिछले एक महीने में प्रदर्शनों से दिल्ली के व्यापारियों को 14,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

CTI ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि अगले तीन दिनों के भीतर CTI और 20 बाजार संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक बुलाई जाए, ताकि व्यापारियों के सुझावों को SOP के फाइनल ड्राफ्ट में शामिल किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *