पंजाब के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और करोड़पति बनने का मौका मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ‘पंजाब दा करोड़पति’ क्विज प्रतियोगिता लॉन्च की है। इसमें पंजाब के सभी 23 जिलों के 15 से 30 साल तक के युवा हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता के विजेता को 1 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
Knews Desk– ‘पंजाब दा करोड़पति’ के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 15 नवंबर से शुरू होंगे और 28 नवंबर तक आवेदन किया जा सकेगा। क्विज में पंजाब, पंजाबी भाषा और पंजाबियत से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। इसके अलावा सामान्य ज्ञान और पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े सवाल भी शामिल होंगे। प्रतिभागी पंजाबी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में सवालों के जवाब दे सकेंगे।
प्रतियोगिता में कुल नौ राउंड होंगे। पहले चार राउंड चयन प्रक्रिया का हिस्सा होंगे। पांचवें राउंड में 10,000 प्रतिभागी पहुंचेंगे। इसके बाद अलग-अलग राउंड में प्रतिभागियों की संख्या कम होती जाएगी और प्रदर्शन के आधार पर नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। पांचवें राउंड में 5,000 प्रतिभागियों को 1,000 रुपये, छठे में 2,500 को 2,000 रुपये, सातवें में 1,250 को 3,000 रुपये, आठवें में 625 को 5,000 रुपये और नौवें राउंड में 395 प्रतिभागियों को 10,000 रुपये दिए जाएंगे।
9 दिसंबर को जिला स्तरीय मुकाबला होगा, जिसमें हर जिले के टॉप 10 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। सभी 23 जिलों से कुल 230 प्रतिभागी मुकाबला करेंगे। प्रत्येक जिले का विजेता राज्य स्तरीय फाइनल में पहुंचेगा।
राज्य स्तरीय फाइनल 17 दिसंबर को होगा। इसमें 23 जिलों के विजेता आमने-सामने होंगे। फाइनल में 10 प्रतिभागियों को 3-3 लाख, 8 को 5-5 लाख और 4 को 10-10 लाख रुपये मिलेंगे। प्रतियोगिता के पहले विजेता को 1 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।