PM मोदी ने गुजरात के मंत्रियों को दिया चुनावी मंत्र, जनसंपर्क और डिजिटल मीडिया पर जोर

Knews Desk– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात दौरे के दौरान मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के आवास पर राज्य के मंत्रियों के साथ करीब साढ़े तीन घंटे तक बैठक की। बैठक में उन्होंने अपने पुराने राजनीतिक अनुभव साझा किए और आगामी चुनाव को लेकर मंत्रियों को जनसंपर्क बढ़ाने समेत कई अहम सुझाव दिए।

पुराने दिनों की यादें कीं ताजा

शुक्रवार देर शाम हुई बैठक को राजनीतिक गलियारों में पीएम मोदी की ‘डिनर डिप्लोमेसी’ के तौर पर देखा जा रहा है। इस दौरान प्रधानमंत्री ने गुजरात में बीजेपी के शुरुआती दौर और संगठन को मजबूत करने के अनुभव मंत्रियों के साथ साझा किए। उन्होंने पुराने कार्यकर्ताओं के साथ काम करने के दौरान के कई किस्से भी सुनाए।

जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर

पीएम मोदी ने मंत्रियों को जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने लोगों की समस्याओं को समझने और सरकार की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक में गुजरात में शुरू की गई विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उनके परिणामों पर भी चर्चा हुई।

डिजिटल प्लेटफॉर्म अपनाने की सलाह

प्रधानमंत्री ने बदलते डिजिटल दौर को देखते हुए मंत्रियों और नेताओं को डिजिटल मीडिया का ज्यादा इस्तेमाल करने की सलाह दी। उन्होंने सरकार के काम और योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म को प्रभावी माध्यम बताया।

अंबाजी दौरा किया गया स्थगित

प्रधानमंत्री शुक्रवार शाम कर्नाटक के मैसूर से अहमदाबाद पहुंचे थे। इसके बाद वे गांधीनगर गए और रात वहीं रुके। शनिवार को उनका बनासकांठा स्थित अंबाजी मंदिर जाने का कार्यक्रम था, लेकिन इसे टाल दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए VVIP सुरक्षा के कारण आम लोगों को होने वाली परेशानी से बचाने के लिए दौरा रीशेड्यूल किया गया। प्रधानमंत्री शनिवार दोपहर अहमदाबाद से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *