बलिया में DJ की अत्यधिक आवाज के कारण 20 दिन की एक मासूम बच्ची की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि मनियर थाना क्षेत्र के मुडियारी गांव में लक्ष्मी मूर्ति विसर्जन के दौरान बजाए जा रहे तेज आवाज वाले DJ के कारण बच्ची की जान गई।
Knews Desk – मुडियारी गांव में लक्ष्मी प्रतिमा के विसर्जन के लिए DJ आया हुआ था। परिजनों के मुताबिक, DJ बच्ची के घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर अत्यधिक आवाज में बज रहा था। आरोप है कि बाद में DJ को उनके दरवाजे के पास रोककर तेज आवाज में बजाया गया।
परिजनों के अनुसार, 20 दिन पहले जन्मी बच्ची तेज आवाज सहन नहीं कर पाई। DJ की तेज आवाज के दौरान बच्ची की धड़कनें अचानक तेज हो गईं और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
मृतक बच्ची की मां रीमा देवी ने बताया कि बच्ची के जन्म के बाद वह 10 दिन पहले ही ससुराल से मायके आई थीं। रीमा देवी के मुताबिक, ससुराल में बच्ची की देखभाल करने वाला कोई नहीं था, इसलिए वह मायके आ गई थीं। उन्हें उम्मीद थी कि यहां बच्ची की सही तरीके से देखभाल हो सकेगी। लेकिन मूर्ति विसर्जन के दौरान तेज आवाज में DJ बजाया जा रहा था। रीमा देवी के अनुसार, DJ उनके दरवाजे पर रोककर बजाया गया और इसी दौरान उनकी बेटी की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने DJ और उसके संचालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने मृत मासूम बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने परिजनों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।