Knews Desk– उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनाव आयोग जल्द ही इन राज्यों का दौरा कर चुनावी तैयारियों का जायजा लेगा। इसके बाद जनवरी के पहले सप्ताह में चुनाव की तारीखों का ऐलान किए जाने की संभावना है।
महीने के अंत या दिसंबर की शुरुआत में दौरा
चुनाव आयोग का उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर का दौरा इसी महीने के आखिर में या दिसंबर के शुरुआती हफ्ते में हो सकता है। आयोग सभी राज्यों का दौरा करने के बाद ही चुनावी कार्यक्रम की घोषणा करेगा।
करीब दो दिन तक होंगी बैठकें
निष्पक्ष और सुचारू चुनाव कराने की तैयारी के तहत आयोग सभी राज्यों में करीब दो दिनों तक बैठकें कर सकता है। इन बैठकों में चुनाव व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों और अन्य संबंधित लोगों के साथ चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होगी। हर राज्य में चुनावी व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी।
उप चुनाव आयुक्त स्तर के अधिकारी कर चुके दौरा
चुनाव आयोग के उप चुनाव आयुक्त स्तर के अधिकारी पहले ही सभी पांच राज्यों का दौरा कर चुनावी तैयारियों का जायजा ले चुके हैं। इन दौरों से जुड़ी रिपोर्ट अब चुनाव आयोग को सौंपी जा रही है। आयोग इन रिपोर्टों का अध्ययन करने के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों के राज्यों के दौरे की तारीखें तय करेगा।
जनवरी में आ सकता है चुनावी शेड्यूल
उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दल भी अपनी तैयारियों में जुटे हैं। चुनाव आयोग के राज्यों के दौरे और तैयारियों की समीक्षा पूरी होने के बाद जनवरी के पहले सप्ताह में चुनावी तारीखों का ऐलान किए जाने की संभावना है।