तेलंगाना में गिग वर्कर्स को बड़ा तोहफा, 5 लाख का दुर्घटना बीमा और 10 लाख का हेल्थ कवर

Knews Desk– तेलंगाना में गिग वर्कर्स के लिए सोशल सिक्योरिटी एंड वेलफेयर स्कीम की शुरुआत की गई। राहुल गांधी ने योजना के तहत दुर्घटना बीमा, स्वास्थ्य बीमा, पेंशन और आराम के लिए रेस्ट जोन जैसी सुविधाओं का ऐलान किया।

5 लाख का दुर्घटना बीमा, 10 लाख का हेल्थ कवर

14 नवंबर को हैदराबाद में योजना की शुरुआत के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि तेलंगाना सरकार गिग वर्कर्स को 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा देगी। हर डिलीवरी से होने वाले ट्रांजैक्शन का 1 प्रतिशत हिस्सा भी गिग वर्कर्स के बैंक खाते में पहुंचाने की बात कही गई।

कमाई और काम का डेटा मोबाइल पर दिखेगा

राहुल गांधी ने कहा कि गिग वर्कर्स को अपने काम और कमाई से जुड़े डेटा पर अधिकार मिलेगा। कितनी राइड पूरी की गईं और उनके लिए कितने पैसे मिले, इसकी जानकारी मोबाइल फोन पर उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी डेटा की सदी है और वर्कर्स को अपने डेटा तक पहुंच मिलनी चाहिए।

हर शहर में बनेंगे Wi-Fi वाले रेस्ट जोन

गिग वर्कर्स की परेशानियों का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें तेज धूप में लंबी दूरी तय करके सामान पहुंचाना पड़ता है, लेकिन आराम के लिए तय जगह नहीं होती। तेलंगाना सरकार हैदराबाद समेत राज्य के सभी शहरों में Wi-Fi से लैस रेस्ट जोन बनाएगी। यहां वर्कर्स वाहन पार्क करने के साथ बैठ, आराम या सो सकेंगे।

2023 में हुई बातचीत का किया जिक्र

राहुल गांधी ने कहा कि 2023 में तेलंगाना के गिग वर्कर्स से उनकी मुलाकात हुई थी, जहां उन्होंने अपनी परेशानियां और मांगें बताई थीं। उन्होंने कहा कि उस समय उनकी समस्याओं के समाधान और सुरक्षा का वादा किया गया था और अब उसी वादे को पूरा किया जा रहा है। इससे पहले राहुल गांधी ने हैदराबाद में गिग वर्कर्स की बाइक रैली में भी हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी रैली में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *