नेहरू जयंती पर देशभर में श्रद्धांजलि, सोनिया गांधी से लेकर पीएम मोदी तक ने किया पूर्व PM को याद

Knews Desk– 14 नवंबर को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती मनाई जा रही है। इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और पार्टी के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने दिल्ली स्थित शांति वन पहुंचकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी।

सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर पंडित नेहरू को याद किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक, वैज्ञानिक, लोकतांत्रिक और समावेशी भारत का उनका दृष्टिकोण आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करता है। उन्होंने राष्ट्र-निर्माण, शिक्षा और प्रगति में नेहरू की अमूल्य विरासत को नमन किया। सोनिया गांधी ने एक अन्य पोस्ट में बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बच्चों के साथ नेहरू की तस्वीर भी साझा की।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नेहरू का एक पुराना वीडियो शेयर किया। उन्होंने कहा कि आजादी से लेकर मजबूत, आधुनिक, लोकतांत्रिक और प्रगतिशील राष्ट्र की नींव रखने में नेहरू का ऐतिहासिक योगदान रहा। उन्होंने लोकतंत्र, समानता, धर्मनिरपेक्षता और वैज्ञानिक सोच में नेहरू के विश्वास को याद किया।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि नेहरू के लिए भारत एक खोज और एक विचार था, जिसकी शक्ति विविधता, विश्वास लोकतंत्र और आधार समानता थी। उन्होंने आधुनिक, वैज्ञानिक, प्रगतिशील और आत्मविश्वासी भारत के नेहरू के सपने को आज भी प्रेरणादायक बताया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम में नेहरू के योगदान और स्वतंत्र भारत के शुरुआती वर्षों में उनके नेतृत्व को याद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *