30 साल बाद कानपुर को मिली नई एक्सप्रेस ट्रेन, 16 नवंबर को रेल मंत्री दिखाएंगे हरी झंडी

कानपुर सेंट्रल से आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई नियमित एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शुरू होने जा रहा है। 16 नवंबर को रेल मंत्री कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

Knews Desk – कानपुर से दिल्ली का सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। करीब 30 साल बाद कानपुर को दिल्ली के लिए एक नई नियमित एक्सप्रेस ट्रेन मिलने जा रही है। रेल मंत्रालय ने कानपुर सेंट्रल से आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई ट्रेन के संचालन को मंजूरी दे दी है। 16 नवंबर को रेल मंत्री खुद कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि वर्ष 2001 के आसपास तत्कालीन रेल मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल के कार्यकाल में कानपुर से दिल्ली के बीच श्रमशक्ति एक्सप्रेस की शुरुआत हुई थी। उसके बाद से ही कानपुर के लोग दिल्ली के लिए एक और नियमित ट्रेन की मांग कर रहे थे। सांसद ने बताया कि उन्होंने संसद में भी इस मुद्दे को उठाया था। उन्होंने मांग की थी कि नई ट्रेन का नाम कानपुर के नाम पर रखा जाए। रेल मंत्रालय ने उनके आग्रह को स्वीकार करते हुए कानपुर को नई एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात दी है।

सांसद रमेश अवस्थी के मुताबिक, शुरुआत में इस ट्रेन को बनारस में वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के उद्घाटन के अगले दिन चलाने की योजना थी। हालांकि, उन्होंने रेल मंत्री से व्यक्तिगत रूप से आग्रह किया कि वह खुद कानपुर आकर इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएं। रेल मंत्री का आईआईटी कानपुर से पुराना जुड़ाव रहा है। उन्होंने इसी संस्थान से पढ़ाई की है और शहर से उनका विशेष लगाव भी है। ऐसे में उन्होंने सांसद के आग्रह को स्वीकार कर लिया। अब 16 नवंबर को रेल मंत्री खुद कानपुर सेंट्रल स्टेशन से कानपुर एक्सप्रेस का शुभारंभ करेंगे।

रेल मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच यह ट्रेन प्रतिदिन चलेगी। ट्रेन में आधुनिक एलएचबी (LHB) कोच लगाए जाएंगे। यात्रियों को जनरल, स्लीपर, थर्ड एसी, सेकंड एसी और फर्स्ट एसी की सुविधा मिलेगी।

ट्रेन नंबर 14153 कानपुर सेंट्रल से रात 8:40 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 4:50 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन नंबर 14154 वापसी में आनंद विहार टर्मिनल से रात 11:25 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 7:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी।

कानपुर से दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन को दोनों दिशाओं में आठ प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है। कानपुर सेंट्रल से रवाना होने के बाद ट्रेन फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद में रुकेगी।

इन स्टेशनों पर ठहराव मिलने से आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी दिल्ली और कानपुर के बीच आवागमन में सुविधा होगी। नई नियमित एक्सप्रेस ट्रेन शुरू होने से कानपुर और दिल्ली के बीच रेल यात्रियों को एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *