अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को, पति के साथ अमेरिका जाने की तैयारी; जानें होने वाले दूल्हे का कनेक्शन

बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित कुमार से होने जा रही है। शादी के बाद शिवांगी कुछ समय ससुराल में रहेंगी और फिर पति के साथ अमेरिका जा सकती हैं। ऋषिकेश पहले से अमेरिका में नौकरी कर रहे हैं, जबकि उनकी छोटी बहन भी वहीं डॉक्टर हैं।

Knews Desk – शिवांगी सिंह की शादी बिहटा निवासी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित कुमार से तय हुई है। 25 नवंबर को बिहटा से बारात मोकामा विधायक अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां पहुंचेगी, जहां दोनों सात फेरे लेंगे। इससे पहले 20 नवंबर को शुभ फलदान और तिलक का कार्यक्रम होगा। 23 नवंबर को हल्दी और 24 नवंबर को मेहंदी एवं संगीत का आयोजन किया जाएगा।

शादी के बाद अमेरिका जाने की संभावना

शादी के बाद शिवांगी बिहटा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 9 स्थित कृष्णा नगर में बने नए घर में कुछ समय परिवार के साथ रहेंगी। इसके बाद पति ऋषिकेश के साथ अमेरिका जाने की संभावना है। हालांकि, अमेरिका जाने की अभी कोई निश्चित तारीख सामने नहीं आई है। ऋषिकेश फिलहाल अमेरिका में नौकरी कर रहे हैं।

ऋषिकेश कुमार ने अहमदाबाद से 10वीं और 12वीं की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद वह उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका गए, जहां उन्होंने ग्रेजुएशन और एमबीए किया। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने अमेरिका में ही नौकरी शुरू कर दी। उनकी छोटी बहन कोमल कुमारी भी अमेरिका में रहती हैं और पेशे से डॉक्टर हैं।

शादी के लिए भव्य तैयारियां

अनंत सिंह की बेटी की शादी को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, समारोह में करीब चार लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की जा रही है और कई एकड़ में भव्य पंडाल तैयार किया जाएगा। सजावट के लिए उत्तर प्रदेश के मऊ से विशेष कारीगरों और कलाकारों को बुलाया गया है। आयोजन के लिए विदेश से फूल मंगाने की भी तैयारी है।

अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को करीब 3.5 करोड़ रुपये कीमत की लैंड रोवर डिफेंडर कार उपहार में देने वाले हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, नई डिफेंडर कार अनंत सिंह के घर पहुंच भी चुकी है। वहीं परिवार के छोटे बेटे अभिनव सिंह के लिए BMW कार की व्यवस्था की गई है।

शादी समारोह में घुड़दौड़ प्रतियोगिता आयोजित करने की योजना है। इसके विजेता को महिंद्रा थार, दूसरे स्थान पर आने वाले प्रतिभागी को मोटरसाइकिल और तीसरे स्थान पर रहने वाले को स्कूटर पुरस्कार में दिया जाएगा। इसके लिए बिहार समेत देश के दूसरे हिस्सों से घोड़े बुलाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *