दिल्ली के स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर में मंगलवार 10 नवंबर को अन्नकूट और गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान को 1,256 शुद्ध सात्विक शाकाहारी व्यंजनों का भव्य भोग अर्पित किया गया। अन्नकूट दर्शन के लिए देशभर से हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।
Knews Desk – उत्सव की शुरुआत सुबह 11 बजे वैदिक षोडशोपचार विधि से गोवर्धन पूजा के साथ हुई। मंदिर परिसर में गोवर्धन पर्वत की प्रतीकात्मक प्रतिकृति बनाई गई थी, जिसमें गोवर्धन पर्वत की शिला-मिट्टी भी शामिल की गई थी।
पूजा संपन्न होने के बाद दोपहर 12 बजे श्रद्धालुओं के लिए अन्नकूट दर्शन खोले गए। इसके बाद देशभर से आए हजारों भक्तों ने भगवान के दर्शन किए।
1,256 व्यंजनों से सजा भव्य अन्नकूट
भगवान को अर्पित किए गए अन्नकूट भोग में पारंपरिक भारतीय मिठाइयों से लेकर नमकीन, सब्जियां, दालें, चावल के पकवान, फल, विभिन्न पेय रस और आधुनिक बेकरी उत्पाद शामिल थे। घेवर, लड्डू, पेड़ा और हलवा जैसी मिठाइयों के साथ सेव-मठरी सहित कई व्यंजनों को कलात्मक ढंग से सजाया गया था।
अन्नकूट का अर्थ ‘अन्न का पर्वत’ है। यह उत्सव भगवान की ओर से प्राप्त अन्न, द्रव्य और धन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन माना जाता है। उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में इसी दिन से नए वर्ष का भी शुभारंभ होता है।
1,800 से अधिक मंदिरों में मनाया जाता है अन्नकूट
दिल्ली अक्षरधाम मंदिर के मुख्य कार्यवाहक संत मुनिवत्सल दास स्वामीजी ने कहा कि भगवान स्वामीनारायण के समय से चली आ रही दिव्य परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बीएपीएस स्वामीनारायण संस्था दुनिया भर के 1,800 से अधिक मंदिरों में अन्नकूट मनाती है। उन्होंने इसे स्वयंसेवकों की सेवा और भक्तिमय सामुदायिक जीवन की भावना का प्रतीक बताया।
अन्नकूट उत्सव के अवसर पर अक्षरधाम मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रंगोलियों, जगमगाते दीपों और पुष्पों-तोरणों से सजाया गया। महंतस्वामी महाराज ने अपने संदेश में सभी अनुयायियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं और तन, मन, धन से सुखी रहने का आशीर्वाद दिया। उन्होंने इष्टनिष्ठा, गुरुनिष्ठा, सिद्धांतनिष्ठा, धर्मनिष्ठा और एकनिष्ठा के पंचामृत से सभी का जीवन धन्य होने की प्रार्थना की। देर शाम तक मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही।