उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को अनुशासन, भाषा और व्यवहार को लेकर सतर्क रहने की हिदायत दी है। अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव ने अलग-अलग मौकों पर कार्यकर्ताओं को ऐसी बयानबाजी और गतिविधियों से बचने की सलाह दी है, जिनसे पार्टी की छवि प्रभावित हो सकती है।
Knews Desk – अखिलेश यादव ने अप्रैल 2026 में पार्टी पदाधिकारियों और युवा संगठनों के साथ हुई बैठकों में कार्यकर्ताओं को विरोधी दलों के बड़े नेताओं पर निजी हमले करने से बचने की सलाह दी थी। उन्होंने बीजेपी और बीएसपी नेताओं पर व्यक्तिगत टिप्पणी करने के बजाय सपा सरकार के काम और उपलब्धियों को जनता के सामने रखने पर जोर दिया था। उनका कहना था कि राजनीतिक मुद्दों पर बात की जाए और निजी हमलों से बचा जाए।
जाति और धर्म को लेकर नकारात्मक बयानबाजी से दूरी
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को जाति और समुदाय को लेकर नकारात्मक बयानबाजी से भी बचने की हिदायत दी थी। PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक की बात करते समय किसी दूसरे समुदाय को निशाना नहीं बनाने की सलाह दी गई थी। बैठक में मौजूद एक सपा नेता के मुताबिक, अखिलेश यादव ने ऐसी टिप्पणियों से बचने पर जोर दिया था।
सपा कार्यकर्ताओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के गलत इस्तेमाल से भी दूर रहने की सलाह दी गई। अखिलेश यादव ने एक फर्जी AI तस्वीर का उदाहरण दिया था, जिसमें उन्हें मुख्यमंत्री के पैर छूते दिखाया गया था। इसके जवाब में एक सपा समर्थक ने AI से ऐसी तस्वीर बनाई थी, जिसमें मुख्यमंत्री को अखिलेश यादव के पैर छूते दिखाया गया। अखिलेश ने इस तरह की जवाबी कार्रवाई से बचने की सलाह दी थी।
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को सार्वजनिक जगहों पर राजनीतिक मुद्दों को लेकर बहस और विवाद में उलझने से बचने को कहा था। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को अपने व्यवहार, चरित्र, बातचीत और भाषा में शालीनता बनाए रखने की नसीहत दी थी। सोशल मीडिया पर भी सोच-समझकर शब्दों का इस्तेमाल करने और ऐसी प्रतिक्रिया से बचने को कहा गया था, जिसका इस्तेमाल विरोधी पार्टी के खिलाफ कर सकें।
सरकार आने पर देख लेने की धमकी पर शिवपाल की सख्ती
9 नवंबर 2026 को सैफई में सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भी कार्यकर्ताओं को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर कोई कार्यकर्ता किसी व्यक्ति को यह धमकी देता है कि ‘चुनाव होने दो, सरकार आने दो, फिर देख लेंगे’, तो संबंधित जिलाध्यक्ष उसे तत्काल पार्टी से निष्कासित करें।
शिवपाल यादव ने आशंका जताई कि बीजेपी के लोग इस तरह की बयानबाजी सपा कार्यकर्ताओं से करवाकर पार्टी को बदनाम कर सकते हैं। चुनाव से पहले पार्टी नेतृत्व की इन नसीहतों को कार्यकर्ताओं के बयान और व्यवहार पर नियंत्रण रखने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।