कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में अपनी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जुड़े कई अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि 2010 में उन्हें ब्रेस्ट कैंसर का पता चला था और इसके करीब एक साल बाद पैंक्रियाज में गांठ का पता चला। दोनों बार इलाज और सर्जरी के दौरान उन्हें गंभीर आशंकाओं से गुजरना पड़ा।
Knews Desk – सोनिया गांधी के मुताबिक, 2010 में उन्हें ब्रेस्ट कैंसर का पता चला था। डॉक्टरों ने उन्हें ऑपरेशन कराने की सलाह दी थी। उन्होंने बताया कि सर गंगा राम अस्पताल के डॉक्टरों पर उन्हें पूरा भरोसा था, लेकिन बीमारी और उसके संभावित नतीजों को लेकर वह काफी घबरा गई थीं।
उन्होंने किताब में बताया कि उन्हें और उनके बच्चों को कहा गया था कि इलाज में समय गंवाने की गुंजाइश नहीं है। इसके बाद उन्होंने अपनी प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए मुंबई के टाटा मेमोरियल अस्पताल में इलाज कराने का विकल्प छोड़ दिया और इटली के मिलान स्थित यूरोपियन इंस्टिट्यूट ऑफ ऑन्कोलॉजी में ऑपरेशन कराने का फैसला किया।
राहुल और प्रियंका ने ऑपरेशन से पहले थामा हाथ
सोनिया गांधी ने बताया कि डॉ. उम्बर्टो वेरोनेसी की देखरेख में उनकी सर्जरी हुई। उनके साथ राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, रॉबर्ट वाड्रा और उनकी बहनें मौजूद थीं।
किताब के मुताबिक, ऑपरेशन के लिए ले जाते समय राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने उनका हाथ थामा और उन्हें भरोसा दिलाया कि सब ठीक हो जाएगा। सर्जरी के दौरान दो ट्यूमर निकाले गए। इनमें से एक ट्यूमर में कैंसर की आशंका नहीं थी, लेकिन एहतियात के तौर पर उसे भी निकाल दिया गया। सर्जरी के दौरान रेडिएशन उपचार भी किया गया, जिससे उन्हें पांच हफ्ते तक रेडियोथेरेपी कराने की जरूरत नहीं पड़ी।
एक साल बाद पैंक्रियाज में मिली गांठ
सोनिया गांधी ने बताया कि ब्रेस्ट कैंसर की सर्जरी के करीब एक साल बाद फॉलो-अप जांच के दौरान उनके पैंक्रियाज में एक और गांठ का पता चला। इस खबर से वह, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी चिंतित हो गए थे। शुरुआत में उन्हें आशंका हुई कि कहीं पहले वाला कैंसर वापस तो नहीं आ गया।
किताब के अनुसार, कई डॉक्टरों से संपर्क करने के बाद उन्हें तत्काल सर्जरी कराने की सलाह दी गई। शुरुआत में ट्यूमर के न्यूरोएंडोक्राइन होने का शक था। इसके बाद उन्हें नीदरलैंड के रॉटरडैम स्थित इरास्मस यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर रेफर किया गया।
सोनिया गांधी के मुताबिक, नीदरलैंड में पैंक्रियाटिक सर्जन डॉ. कैस्पर वान आइक ने उनका इलाज किया। उन्होंने बताया कि दूसरी सर्जरी से पहले उनके मन में बीमारी के गंभीर होने को लेकर कई आशंकाएं थीं।
सर्जरी के बाद डॉक्टर ने उन्हें बताया कि वह भाग्यशाली थीं कि ट्यूमर का पता शुरुआती स्टेज में ही चल गया था। सोनिया गांधी ने किताब में इस पूरे दौर को अपने और परिवार के लिए बेहद मुश्किल समय बताया है।
बेहोशी के दौरान राजीव गांधी को देखने का जिक्र
सोनिया गांधी ने किताब में 2016 की एक घटना का भी जिक्र किया है। उनके मुताबिक, वाराणसी में विधानसभा चुनाव की एक रैली के दौरान थकान की वजह से वह बेहोश हो गई थीं। इसके बाद एहतियातन उन्हें प्लेन से दिल्ली लाया गया।
उन्होंने बताया कि बेहोशी के दौरान उन्होंने अपने दिवंगत पति राजीव गांधी को देखा। उनके मुताबिक, राजीव गांधी उनकी ओर हाथ बढ़ा रहे थे, जैसे कह रहे हों कि सब ठीक हो जाएगा।
सोनिया गांधी ने बताया कि उस समय शीला दीक्षित उनके पास थीं। किताब के मुताबिक, शीला दीक्षित ने बाद में उन्हें बताया कि विमान यात्रा के दौरान अचानक उनके चेहरे पर मुस्कान आ गई थी।
सोनिया गांधी ने यह भी बताया कि इस घटना में गिरने की वजह से उनके कंधे में गंभीर चोट आई थी और इसके बाद उन्हें एक बार फिर ऑपरेशन कराना पड़ा।