जैसलमेर में एक कारोबारी को गे डेटिंग ऐप पर हुई दोस्ती के बाद कथित तौर पर अगवा कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, नोएडा से आए सात आरोपियों ने मारपीट कर कारोबारी के खाते से डेढ़ लाख रुपये ट्रांसफर कराए और उसे सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Knews Desk – राजस्थान के जैसलमेर में एक कारोबारी के साथ लूट और अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, कारोबारी की एक गे डेटिंग ऐप पर कुछ लोगों से दोस्ती हुई थी। इसी के जरिए आरोपियों ने उसे अकेले में मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद नोएडा से जैसलमेर पहुंचे सात आरोपियों ने कारोबारी को कथित तौर पर अगवा कर लिया और उसके साथ मारपीट की।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कारोबारी के बैंक खाते से जबरन डेढ़ लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कराए। इसके बाद उसका मोबाइल सिम कार्ड तोड़कर फेंक दिया और उसे एक सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो गए। मामले की सूचना मिलते ही जैसलमेर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला और एक नाबालिग भी शामिल हैं।
ऐप पर मैसेज से शुरू हुई पूरी कहानी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कारोबारी ने एक गे डेटिंग ऐप पर अपनी प्रोफाइल बनाई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इसी ऐप पर नोएडा के रहने वाले आरोपी भी सक्रिय थे। वारदात से करीब दो दिन पहले आरोपी जैसलमेर पहुंचे और ऐप पर मैसेज किया कि अगर ग्रुप में जैसलमेर से कोई व्यक्ति है तो वह उनसे मिल सकता है।
पुलिस के मुताबिक, कारोबारी इस मैसेज के बाद उनसे मिलने पहुंचा। वहां एक आरोपी गाड़ी में मौजूद था। दोनों के बीच बातचीत हुई और इसके बाद कारोबारी भी गाड़ी में बैठ गया।
पुलिस के अनुसार, गाड़ी करीब 100 कदम आगे बढ़ी ही थी कि बाकी छह आरोपी भी वहां पहुंचकर गाड़ी में बैठ गए। इसके बाद उन्होंने कारोबारी को कथित तौर पर अगवा कर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोपियों ने कारोबारी के बैंक खाते से जबरन डेढ़ लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर कराए। इसके बाद मोबाइल का सिम कार्ड तोड़कर फेंक दिया गया और कारोबारी को सुनसान स्थान पर छोड़ दिया गया।
कारोबारी ने याद रखा गाड़ी का नंबर
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए गाड़ी की नंबर प्लेट को ढंक रखा था। हालांकि, कारोबारी ने पहले ही गाड़ी का नंबर पढ़ लिया था। आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद उसने पुलिस को गाड़ी का नंबर बता दिया।
इसके बाद पुलिस ने बताए गए नंबर के आधार पर गाड़ी की तलाश शुरू की और उसकी घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान आरोपियों ने पुलिस की गाड़ी में टक्कर मारकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने सभी आरोपियों को कुछ ही घंटों में पकड़ लिया।
जैसलमेर पुलिस ने मामले में सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें एक महिला और एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने कारोबारी की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के संभावित नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।