लखनऊ के पारा इलाके में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट के पास सोमवार सुबह यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलट गई। हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 45 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। यात्रियों ने ड्राइवर पर शराब के नशे में बस चलाने का आरोप लगाया है।
Knews Desk – लखनऊ के पारा इलाके में सोमवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बड़ा बस हादसा हो गया। जीरो पॉइंट के पास यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग बस के अंदर फंस गए। राहत और बचाव टीम ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को बाहर निकाला।
हादसे में 3 यात्रियों की मौत, करीब 45 घायल
हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 45 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को लोकबंधु अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि बस राजस्थान के भिवानी से बिहार के छपरा जा रही थी। बस में करीब 53 यात्री सवार थे। बस बिहार के गोपालगंज में रजिस्टर्ड है। वाहन पर कुल पांच चालान बताए गए हैं, जिसमें 27 हजार रुपये का चालान पेंडिंग है।
यात्रियों ने ड्राइवर पर लगाया शराब पीने का आरोप
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों ने ड्राइवर पर गंभीर आरोप लगाए। यात्रियों का कहना है कि ड्राइवर ने बस चलाने से पहले ही शराब पी रखी थी। आरोप है कि रास्ते में भी ड्राइवर शराब पीता रहा। यात्रियों ने जब इसका विरोध किया तो ड्राइवर ने उन्हें रास्ते में उतारने तक की धमकी दी।
यात्रियों के मुताबिक, रात होने और रास्ते में फंसने के डर से वे ज्यादा विरोध नहीं कर सके। हालांकि, ड्राइवर के शराब के नशे में होने और हादसे की असल वजह की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। लखनऊ के जिलाधिकारी और मंडलायुक्त समेत वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और इलाज की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि ड्राइवर शराब के नशे में था या नहीं और यात्रियों की शिकायतों के बावजूद बस को आगे क्यों चलने दिया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के भी निर्देश दिए हैं। वहीं, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल ले रहे हैं।
हादसे ने एक बार फिर यात्री सुरक्षा और सड़क पर लापरवाही से जुड़े गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।