KNEWS DESK– दिवाली पर हुई भारी आतिशबाजी के बाद दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ गया है। राजधानी धुएं और धुंध की मोटी परत में लिपटी नजर आई। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली (EWS) के मुताबिक, दिल्ली का शुरुआती औसत AQI 373 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में है। वहीं कई इलाकों में AQI 400 के पार पहुंच गया है।
EWS और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, विवेक विहार में AQI 442, ITO में 407 और NSIT द्वारका में 404 दर्ज हुआ, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में है। वजीरपुर में AQI 393 रहा। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 398, आरके पुरम में 388, मंदिर मार्ग में 386 और ओखला फेज-2 में 364 AQI दर्ज किया गया।
दिवाली की रात पटाखों के कारण कई इलाकों में धुआं फैल गया और दृश्यता कम हो गई। लोगों ने सांस लेने में परेशानी और पटाखों के धुएं की तेज गंध की शिकायत की। प्रतिबंध के बावजूद पीतमपुरा, बुराड़ी, मयूर विहार और लुटियंस दिल्ली के कुछ हिस्सों में आतिशबाजी जारी रही।
सोनिया विहार में AQI 463 और जहांगीरपुरी में 450 दर्ज किया गया। रविवार को दिल्ली का औसत AQI 376 रहा, जबकि शनिवार को यह 369 था। CPCB के अनुसार 401 से 500 के बीच AQI ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। EWS ने अनुमान जताया है कि दिल्ली की वायु गुणवत्ता अगले कुछ दिनों तक ‘गंभीर’ श्रेणी में रह सकती है।