साउथ एक्ट्रेस नयनतारा की फिल्म मूकुथी अम्मन 2 सिनेमाघरों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रही है। साल 2020 में फिल्म का पहला पार्ट रिलीज हुआ था, जिसे कोरोना महामारी के कारण सिनेमाघरों की बजाय ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया गया था। हालांकि, फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। अब करीब 6 साल बाद इसका दूसरा पार्ट मूकुथी अम्मन 2 सिनेमाघरों में रिलीज किया गया है।
Knews Desk – मूकुथी अम्मन 2 को रामायण और सीन जैसी बड़ी फिल्मों के बीच रिलीज किया गया है। इन दोनों फिल्मों के शानदार प्रदर्शन के बीच नयनतारा की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपनी कमाई से बजट को जस्टिफाई करती नजर नहीं आ रही है। फिल्म ने रिलीज के तीन दिनों में 10.35 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मूकुथी अम्मन 2 करीब 100 करोड़ रुपये से ज्यादा के बजट में बनकर तैयार हुई है। इसके मुकाबले फिल्म का तीन दिनों का नेट कलेक्शन 8.93 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिल्म की कमाई के ये आंकड़े भारत के हैं। विदेशों में फिल्म को खास जगह नहीं मिली है।
हिंदी में भी फिल्म को लेकर खास क्रेज देखने को नहीं मिल रहा है। वहीं, साउथ के सिनेमाघरों में पहले से ही सूर्या की सीन अच्छा प्रदर्शन कर रही है। इसके अलावा रामायण ने भी बड़ी संख्या में थिएटर्स पर कब्जा कर रखा है। ऐसे में मूकुथी अम्मन 2 के लिए बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा कमाई करना चुनौती बन गया है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या मूकुथी अम्मन 2 अपनी लागत निकाल पाएगी या नहीं। फिल्म की आगे की कमाई इस बात पर निर्भर करेगी कि आने वाले दिनों में इसे दर्शकों से कितना रिस्पॉन्स मिलता है।
वहीं, रणबीर कपूर की रामायण सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने 4 दिनों में 500 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। दूसरी तरफ सूर्या की सीन ने भी तीन दिनों में 116.65 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, सीन ने सिर्फ तीन दिनों में अपने बजट का दोगुना कमा लिया है।
रामायण और सीन के बॉक्स ऑफिस पर जारी दबदबे के बीच मूकुथी अम्मन 2 के लिए टिक पाना आसान नहीं है। यह एक स्पीरिचुअल-माइथोलॉजिकल फिल्म है, जिसका निर्देशन सुंदर सी ने किया है।