Knews Desk – NCP (SP) प्रमुख शरद पवार को शनिवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से छुट्टी मिल गई। 85 वर्षीय शरद पवार पिछले तीन दिनों से अस्पताल में भर्ती थे, जहां उनका ब्रोन्काइटिस, छाती में संक्रमण और खांसी का इलाज चल रहा था। डॉक्टरों के मुताबिक अब उनकी हालत स्थिर है और आगे का इलाज घर पर ही जारी रहेगा।
शरद पवार के इलाज कर रहे डॉक्टर डॉ. प्रतीत समदानी ने बताया कि उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। डॉक्टर के मुताबिक पवार को ब्रोन्काइटिस, छाती में संक्रमण और खांसी की समस्या थी। अब उनकी हालत स्थिर है और घर पर ही उनका इलाज जारी रहेगा।
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद शरद पवार अस्पताल के पास स्थित अपने घर लौट गए हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चिंता बनी हुई थी।
पवार के अस्पताल में भर्ती होने से बढ़ी सियासी चर्चा
शरद पवार के अस्पताल में भर्ती होने के साथ ही NCP के दोनों गुटों के फिर से एक होने की संभावना को लेकर अटकलें भी तेज हो गई थीं। इस बीच कई बड़े राजनीतिक नेताओं और प्रमुख हस्तियों ने अस्पताल पहुंचकर शरद पवार से मुलाकात की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी फोन पर शरद पवार का हाल-चाल पूछा। इसके अलावा उद्योगपति गौतम अडानी, NCP सांसद प्रफुल्ल पटेल, मंत्री छगन भुजबल और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत कई प्रमुख हस्तियां उनसे मिलने अस्पताल पहुंचीं।
सुनेत्रा पवार के नहीं पहुंचने पर उठे सवाल
सूत्रों के मुताबिक, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने शरद पवार से मिलने के लिए तीन बार समय मांगा था, लेकिन वह अस्पताल में उनसे मिलने नहीं पहुंचीं। उनके अस्पताल न पहुंचने को लेकर उस समय सवाल उठे, जब NCP के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज थीं।
प्रफुल्ल पटेल और शरद पवार की मुलाकात का एक वीडियो भी चर्चा में रहा। वीडियो में दोनों नेताओं को 10 नवंबर के बाद संभावित मुलाकात को लेकर बातचीत करते हुए सुना गया। इसमें शरद पवार ने सुझाव दिया कि 10 नवंबर के बाद वे एक साथ बैठकर बातचीत करें।
शरद पवार के अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद अब राजनीतिक नजरें NCP के दोनों गुटों के बीच संभावित बातचीत और आगे की सियासी दिशा पर टिकी हैं।