‘बिग बॉस 20’ ने रचा इतिहास, जियोहॉटस्टार पर 60 दिनों से कम में पार किया 100 करोड़ घंटे का वॉच टाइम

सलमान खान के ‘बिग बॉस’ का जलवा बरकरार है। शो के 20वें सीजन ने जियोहॉटस्टार पर 60 दिनों से भी कम समय में 100 करोड़ घंटे का वॉच टाइम हासिल कर नया रिकॉर्ड बना दिया है। वोटिंग से लेकर मीम्स और लाइव चैट तक, दर्शकों की जबरदस्त भागीदारी ने इस सीजन को खास बना दिया है।

Knews Desk- टीवी का सबसे चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ एक बार फिर अपनी जबरदस्त लोकप्रियता का सबूत दे रहा है। भारत में लॉन्च होने के दो दशक बाद भी इस शो का क्रेज कम होने के बजाय लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। ‘बिग बॉस हिंदी सीजन 20’ ने जियोहॉटस्टार पर 60 दिनों से भी कम समय में 100 करोड़ घंटे का वॉच टाइम पार कर लिया है। फ्रेंचाइजी के इतिहास में किसी भी सीजन का यह आंकड़ा इतनी तेजी से हासिल करना अपने आप में एक नया रिकॉर्ड है।

सितंबर में प्रीमियर के साथ ही ‘बिग बॉस हिंदी सीजन 20’ ने जियोहॉटस्टार पर किसी भी रियलिटी शो की अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग दर्ज की थी। अब 100 करोड़ घंटे के वॉच टाइम के साथ शो ने एक बार फिर अपनी लोकप्रियता का दम दिखाया है। खास बात यह है कि दर्शक सिर्फ शो को देखने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वोटिंग, गेम्स, मीम्स और लाइव चैट के जरिए भी लगातार इसका हिस्सा बन रहे हैं।

इस सीजन में अब तक 350 करोड़ से ज्यादा वोट डाले जा चुके हैं, जो पिछले सीजन की तुलना में 71 फीसदी ज्यादा हैं। वहीं, वोट करने वाले फैंस की संख्या में भी 48 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। फैंस के बीच शो का क्रेज इस कदर है कि पिछले सीजन के मुकाबले इस बार तीन गुना से भी ज्यादा मीम्स बनाए गए हैं। इसके अलावा शो के प्ले-अलॉन्ग गेम ‘जीतो’ में हिस्सा लेने वाले दर्शकों की संख्या भी दोगुने से ज्यादा हो गई है।

‘बिग बॉस 20’ का जलवा सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। विदेशों में भी शो को शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। सीजन की शुरुआत से ही यह यूके, कनाडा और सिंगापुर में जियोहॉटस्टार के टॉप 5 शोज में लगातार अपनी जगह बनाए हुए है। वहीं, यूएई में यह फिलहाल STARZPLAY पर नंबर 1 शो है और स्ट्रीमिंग शुरू होने के बाद से लगातार प्लेटफॉर्म के टॉप 10 शोज में शामिल है।

शो के होस्ट सलमान खान ने इस बड़ी उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ‘बिग बॉस’ का असली गेम सिर्फ घर के अंदर नहीं, बल्कि घर के बाहर भी चलता है, जहां दर्शक हर पल इससे जुड़े रहते हैं। उन्होंने 100 करोड़ घंटे के वॉच टाइम को दर्शकों के प्यार और जुड़ाव का सबूत बताया और इस उपलब्धि का श्रेय फैंस को दिया।

जियोस्टार में हिंदी और इंग्लिश एंटरटेनमेंट बिजनेस के प्रमुख आलोक जैन ने भी इस उपलब्धि को गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि 100 करोड़ घंटे का आंकड़ा हासिल करना खास है, क्योंकि इसमें टेलीविजन की व्यूअरशिप शामिल नहीं है। उन्होंने बताया कि सीजन का लगभग आधा सफर अभी बाकी है और शो ने जियोहॉटस्टार पर यह बड़ा आंकड़ा पार कर लिया है।

बनिजय एशिया और एंडेमोल शाइन इंडिया के फाउंडर और ग्रुप सीईओ दीपक धर ने भी दर्शकों के प्यार और भरोसे के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि 100 करोड़ घंटे का वॉच टाइम दर्शकों के उस प्यार को दिखाता है, जिसने अपना समय ‘बिग बॉस’ के घर के साथ बिताना चुना। उन्होंने कहा कि दो दशकों से ज्यादा समय से दर्शकों का जुड़ाव ही इस शो को लगातार आगे बढ़ा रहा है।

देशभर में भी ‘बिग बॉस 20’ का क्रेज देखने को मिल रहा है। दिल्ली, मुंबई, पुणे, बेंगलुरु, कोलकाता, अहमदाबाद और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों के अलावा लखनऊ, सूरत, जयपुर और नागपुर में भी शो को खूब देखा जा रहा है। खास बात यह है कि कुल वॉच टाइम में Gen Z की हिस्सेदारी 45 फीसदी है। वहीं, कनेक्टेड टीवी पर भी शो की व्यूअरशिप बढ़ रही है, जहां परिवार बड़ी स्क्रीन पर एक साथ इसका आनंद ले रहे हैं।

‘बिग बॉस 20’ की लोकप्रियता ने विज्ञापनदाताओं को भी आकर्षित किया है। इस सीजन में 24 ब्रांड्स ने शो के साथ साझेदारी की है। इनमें FMCG, ई-कॉमर्स, ब्यूटी और कॉस्मेटिक्स, फार्मास्यूटिकल्स और हेल्थकेयर, रियल एस्टेट, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, किचन और होम अप्लायंसेज के साथ ऑन-डिमांड होम सर्विसेज से जुड़े ब्रांड शामिल हैं।

‘बिग बॉस’ जियोहॉटस्टार की सबसे बड़ी एंटरटेनमेंट फ्रेंचाइजी है और फिलहाल छह भाषाओं में प्रसारित हो रही है। ‘बिग बॉस हिंदी सीजन 20’ जियोहॉटस्टार पर 24×7 स्ट्रीम हो रहा है। शो का फॉर्मेट बनिजय एंटरटेनमेंट के स्वामित्व में है और इसका निर्माण एंडेमोल शाइन इंडिया ने किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *