कानपुर: शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचा ड्राइवर, कमरे में पकड़े जाने के बाद फंदे पर मिला शव

कानपुर के घाटमपुर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। फतेहपुर निवासी शिव प्रताप सिंह अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचे थे। महिला के देवर ने दोनों को कमरे में पकड़ लिया। इसके कुछ देर बाद शिव प्रताप का शव उसी कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक के परिजनों ने प्रेमिका और उसके ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है।

Knews Desk- शिव प्रताप सिंह उन्नाव जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष अरुण सिंह के यहां ड्राइवर थे। करीब एक साल पहले फेसबुक के जरिए उनकी पहचान घाटमपुर की रहने वाली एक शादीशुदा महिला से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और यह संबंध प्रेम संबंध में बदल गया। मंगलवार रात शिव प्रताप अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचे थे।

इसी दौरान महिला के देवर ने दोनों को एक कमरे में रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद शिव प्रताप का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। महिला का कहना है कि युवक ने खुद फांसी लगाई। वहीं, मृतक के परिजनों ने इस दावे को खारिज करते हुए आरोप लगाया कि दारोगा पिता और रेवेन्यू इंस्पेक्टर पति के परिवार ने मिलकर शिव प्रताप की हत्या की और शव को फंदे पर लटका दिया।

मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसीपी कृष्ण कुमार यादव के मुताबिक, मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर प्रेमिका, उसके देवर, ससुर और देवरानियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने महिला और उसके देवर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *