उत्तराखंड: गंगोत्री हाईवे पर बड़ा हादसा, गंगा में समाई इनोवा कार, 4 शव बरामद

KNEWS DESK – उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां तेज रफ्तार इनोवा कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई को पार करते हुए सीधे उफनती गंगा नदी में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत-बचाव टीमों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची टीमों ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

जानकारी के मुताबिक, हादसा गंगनानी के पास डबरानी की ओर हुआ। अनियंत्रित होने के बाद इनोवा कार गहरी खाई से होते हुए गंगा नदी के तेज बहाव में समा गई। सूचना मिलते ही SDRF, स्थानीय पुलिस और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव दल ने नदी किनारे से अब तक 4 लोगों के शव बरामद किए हैं।

हादसे के बाद कार में सवार अन्य संभावित यात्रियों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। जल पुलिस और विशेषज्ञ गोताखोर गंगा के तेज बहाव के बीच तलाश अभियान में जुटे हैं। नदी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू टीमों के सामने चुनौती बनी हुई है।

उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। जिला आपदा प्रबंधन केंद्र और चिकित्सा टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी कर रहा है, ताकि यदि किसी यात्री को जीवित निकाला जाता है तो उसे तत्काल प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल पहुंचाया जा सके।

वहीं, पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। वाहन के नंबर के आधार पर हादसे में प्रभावित लोगों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल अन्य यात्रियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *