गोरखपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में बदले की नहीं, बदलाव की राजनीति होती है। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए सीएम योगी ने कांग्रेस की चुनावी रणनीति और राजनीतिक असफलताओं पर भी सवाल उठाए।
Knews Desk – गोरखपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों का उद्देश्य भारत और संविधान को कटघरे में खड़ा करना है। सीएम योगी ने कहा कि जिन संवैधानिक संस्थाओं के बल पर देश का लोकतंत्र टिका हुआ है, उन्हें कमजोर करने की साजिश स्वीकार नहीं की जा सकती।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें लोकतंत्र का अर्थ समझना चाहिए। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकतंत्र में बदला नहीं, जनता बदलाव करती है। उन्होंने 2014 के लोकसभा चुनाव और 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि जनता ने अपने फैसले से सत्ता परिवर्तन करके दिखाया। उनके मुताबिक, यह बदलाव कांग्रेस या समाजवादी पार्टी की ताकत से नहीं, बल्कि जनता की ताकत से हुआ।
सपा-कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन पर उठाए सवाल
सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि 2017 और 2022 के चुनावों में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस मिलकर भी उतनी सीटें नहीं जीत पाईं, जितनी बीजेपी ने अकेले 2022 में हासिल की थीं। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने उत्तर प्रदेश में 255 सीटें जीती थीं। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि जनता ही तय करती है कि किसे चुनाव जिताकर भेजना है और किसे हार का सामना करना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस की चुनावी हार का जिक्र करते हुए कहा कि 2023 में राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने महाराष्ट्र में कांग्रेस और INDIA गठबंधन की हार का भी उल्लेख किया। साथ ही कहा कि 2025 में दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनी और बिहार में भी बीजेपी के नेतृत्व में सरकार बनी।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी स्थिति देखकर कभी-कभी आश्चर्य होता है कि कांग्रेस उन्हें कितनी बार लॉन्च करेगी। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक असफलताओं की जिम्मेदारी लेने के बजाय लगातार नए बहाने तलाशती रहती है।