मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। हरियाणा के करनाल जिले से 22 वर्षीय महिला को पकड़ा गया है। इस गिरफ्तारी के साथ मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 13 हो गई है।
KNEWS DESK-बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच ने हरियाणा पुलिस की मदद से करनाल जिले से 22 वर्षीय महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला की संलिप्तता कथित तौर पर इस मामले से जुड़े संगठित गिरोह की आपराधिक गतिविधियों में सामने आई थी। उसे 1 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल मुंबई क्राइम ब्रांच मामले की आगे की जांच कर रही है।
यह घटना 18 अक्टूबर 2026 की शाम मुंबई के जुहू इलाके में हुई थी। बाइक पर सवार होकर आए अज्ञात हमलावरों ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ की BMW कार पर कई राउंड फायरिंग की थी। घटना के दौरान अभिनेता सुरक्षित बच गए थे। हालांकि, पुलिस के मुताबिक, फायरिंग में उनके ड्राइवर और एक राहगीर को चोटें आई थीं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था। घटना के बाद जुहू पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और 3(5) के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 3 और 25 के तहत मामला दर्ज किया गया था। शुरुआती जांच के बाद मामले की जिम्मेदारी मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए 12 विशेष टीमें गठित की थीं और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से जांच शुरू की थी।
इस मामले में महिला की गिरफ्तारी से पहले मुंबई क्राइम ब्रांच राजस्थान के कोटा, दिल्ली और हरियाणा के सोनीपत से 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। अब करनाल से महिला आरोपी की गिरफ्तारी के बाद कुल गिरफ्तारियों की संख्या 13 हो गई है। जांच के दौरान 27 अक्टूबर को मामले में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) की धाराएं 3(1)(ii), 3(2) और 3(4) भी जोड़ी गई थीं। इससे मामले में संगठित आपराधिक गतिविधियों के पहलू की जांच भी की जा रही है।
फायरिंग की घटना के बाद अभिनेता के परिवार और उनकी टीम की ओर से उनकी सुरक्षा को लेकर जानकारी दी गई थी। टाइगर श्रॉफ के पिता जैकी श्रॉफ की टीम ने भी स्पष्ट किया था कि अभिनेता सुरक्षित हैं। अब मुंबई क्राइम ब्रांच गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका और पूरे मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।