भारतीय वायुसेना के 29वें प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालने के बाद एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने पहले शहीदों को श्रद्धांजलि दी और फिर अपनी मां व सास का आशीर्वाद लिया। उनका यह भावुक पल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Knews Desk – एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने शनिवार को भारतीय वायुसेना के 29वें प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाला। इस दौरान उनका एक भावुक और सम्मान से भरा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद वह नई दिल्ली स्थित नेशनल वॉर मेमोरियल पहुंचे, जहां उन्होंने देश के वीर शहीदों की स्मृति में पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
शहीदों को नमन करने के बाद एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने वहां मौजूद अपनी मां निर्मला दीक्षित और सास कमला पांडेय के पास जाकर उनके पैर छुए। इसके बाद उन्होंने दोनों को गरिमा के साथ सैल्यूट किया। देश के वीर जवानों को श्रद्धांजलि देने के बाद परिवार के बड़ों का आशीर्वाद लेकर उन्होंने अपनी नई जिम्मेदारी की शुरुआत की। उनके इस अंदाज को लोग काफी पसंद कर रहे हैं।
आशुतोष दीक्षित ने ऐसे समय में वायुसेना की कमान संभाली है, जब जटिल क्षेत्रीय सुरक्षा माहौल के बीच भारत अपनी सैन्य क्षमताओं को मजबूत करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा है। उन्होंने एयर चीफ मार्शल एपी सिंह का स्थान लिया है, जो 43 साल के शानदार करियर के बाद सेवानिवृत्त हो गए। दीक्षित एक कुशल लड़ाकू विमान पायलट हैं और उन्हें 20 से अधिक तरह के विमानों पर 3,500 घंटे से ज्यादा उड़ान भरने का अनुभव है।
रणनीतिक योजना के लिए पहचाने जाने वाले एयर चीफ मार्शल दीक्षित ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में भी अहम भूमिका निभाई थी। इससे पहले वह वायुसेना के उप प्रमुख के पद पर कार्यरत थे। अपने चार दशक के करियर में उन्होंने कमान, स्टाफ और प्रशिक्षण से जुड़े कई पदों पर सेवाएं दी हैं। उनका जन्म 9 दिसंबर 1966 को हुआ था और 6 दिसंबर 1986 को उन्हें भारतीय वायुसेना की लड़ाकू विमान शाखा में शामिल किया गया था।
वायुसेना प्रमुख ने कार्यभार संभालने के बाद गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण भी किया। उन्होंने वायुसेना की प्राथमिकताओं को ‘वायु’ नाम के चार सूत्रों में बांटा है। इनमें सतर्कता और तत्परता, आत्मनिर्भरता, नवाचार और एकजुट प्रयास शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वायुसेना की लड़ाकू ताकत को निर्धारित स्तर तक पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने भारतीय वायुसेना के 29वें प्रमुख के रूप में कमान संभालने पर गर्व और सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री का उन पर भरोसा जताने के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने निवर्तमान वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह को भी धन्यवाद दिया।
दीक्षित ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान एयर चीफ मार्शल एपी सिंह के नेतृत्व में वायुसेना ने दिखाया कि सटीक और निर्णायक हवाई शक्ति क्या कर सकती है। उन्होंने कहा कि एपी सिंह ने उन्हें पूरी तरह तैयार वायुसेना की कमान सौंपी है।