‘ऐसे हथकंडों से कोई प्रधानमंत्री नहीं बनता’…राहुल गांधी की रैली पर संबित पात्रा का तंज

बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की महारैली को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने रैली में भीड़ जुटाने के दावों पर सवाल उठाते हुए इसे समय की बर्बादी करार दिया। पात्रा ने राहुल गांधी के चुनाव संबंधी बयानों पर भी पलटवार किया।

Knews Desk – दिल्ली में INDIA ब्लॉक की महारैली को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि केवल इस तरह के हथकंडे अपनाकर कोई नेता या प्रधानमंत्री नहीं बन सकता। उन्होंने ‘प्रधानमंत्री’ शब्द की व्याख्या करते हुए कहा कि इसमें ‘P’ का मतलब ‘पसीना’ और ‘M’ का मतलब ‘मेहनत’ है। पात्रा ने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के नतीजे राहुल गांधी को तांडव याद दिलाएंगे।

रैली में भीड़ की संख्या को लेकर किए गए दावों पर सवाल उठाते हुए संबित पात्रा ने कहा कि INDIA गठबंधन में कई दलों और झंडों के एक साथ आने के बावजूद 10 लाख लोगों की भीड़ नहीं जुटाई जा सकी। उनके मुताबिक, रामलीला मैदान का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा खाली था। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और राहुल गांधी की टीम ने रैली में 10 लाख लोगों के शामिल होने की बात कही थी, लेकिन जमीनी स्थिति इससे अलग थी। पात्रा ने बताया कि बीजेपी सुबह से ही INDIA गठबंधन की रैली पर नजर रख रही थी और उन्होंने राहुल गांधी का भाषण भी ध्यान से सुना।

खाली कुर्सियों का जिक्र करते हुए बीजेपी सांसद ने दावा किया कि रामलीला मैदान में करीब 28 हजार कुर्सियां लगाई गई थीं, जिनमें से दोपहर 3:30 बजे से 4 बजे के बीच 5 हजार से 7 हजार कुर्सियां खाली थीं। उन्होंने इन दावों के आधार पर रैली के आयोजन पर सवाल उठाए और इसे समय की बर्बादी बताया।

संबित पात्रा ने राहुल गांधी के 2024 के लोकसभा चुनाव को अवैध बताने संबंधी बयान पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि 2024 के चुनाव के समय ज्ञानेश कुमार मौजूद नहीं थे और वह 2025 में चुनाव आयुक्त बने। पात्रा ने तंज कसते हुए कहा कि यदि राहुल गांधी 2024 के चुनाव को अवैध मानते हैं, तो उनके तर्क के अनुसार वह खुद भी अवैध नेता प्रतिपक्ष हैं और कांग्रेस के सभी सांसद भी अवैध हैं।

बीजेपी सांसद ने कहा कि यदि किसी चुनाव को अवैध माना जाता है, तो उसे अदालत में चुनौती दी जानी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी, कांग्रेस या INDIA गठबंधन की किसी पार्टी ने 2024 के चुनाव को चुनौती देने के लिए कोई याचिका दायर की है या नहीं। पात्रा ने कहा कि ढाई साल बाद रामलीला मैदान में खड़े होकर किसी चुनाव को अवैध घोषित नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *