Knews Desk– नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष की ‘वोट बचाओ रैली’ आयोजित की गई। इस दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा को पता है कि वह जनता के बीच चुनाव नहीं जीत सकती, इसलिए चुनाव आयोग के जरिए रास्ता निकालने की कोशिश की जा रही है।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में चुनाव लूटा गया और चुनाव से पहले SIR के जरिए लाखों वोट काट दिए गए। उन्होंने कहा कि लाखों की संख्या में फोर्स लगाकर ऐसा किया गया, लेकिन विपक्ष हार मानने वाला नहीं है। अखिलेश ने दावा किया कि विपक्ष ने वोट चोरी पकड़ी है और इस मुद्दे को लगातार उठा रहा है।सपा प्रमुख ने उत्तर प्रदेश में 2022 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी पार्टी सरकार नहीं बना पाई, क्योंकि कथित तौर पर वोट चोरी की गई थी। उन्होंने कहा कि जब इस संबंध में चुनाव आयोग से सवाल किया गया, तो उन्हें नोटिस दिया गया और पूछा गया कि वह किस आधार पर वोट काटे जाने की बात कह रहे हैं।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ऐसे मतदाताओं को खोजा, जिनके वोट 2019 में पड़े थे, लेकिन 2022 में वे मतदान नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि इस संबंध में एफिडेविट भी दिया गया, लेकिन चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की। अखिलेश ने आरोप लगाया कि आयोग इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रहा था।
उन्होंने पीलीभीत, बंगाल और रामपुर का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि लोगों को मतदान करने से रोकने के लिए फोर्स का इस्तेमाल किया गया और घरों में जाकर मतदाताओं को धमकाया गया। अखिलेश ने कहा कि जब से जनता जागरूक हुई है, तब से कुछ कार्रवाई होने की बात सामने आई है।रैली में अखिलेश यादव का सबसे चर्चित बयान उत्तर प्रदेश से भाजपा की विदाई को लेकर रहा। उन्होंने कहा, “जो लोग कभी यूपी से आए थे, वे यूपी से ही जाएंगे।” उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोग स्वागत अच्छा करते हैं, तो विदाई भी और अच्छी करते हैं। अखिलेश के मुताबिक, 2024 में थोड़ी विदाई हुई थी, लेकिन 2027 के विधानसभा चुनाव में ऐसी विदाई होगी कि भाजपा लौटकर नहीं आएगी।
अखिलेश यादव ने रामलीला मैदान का उल्लेख करते हुए धार्मिक संदर्भ भी दिया। उन्होंने कहा कि यह राम जी की लीला का मैदान है और सदियों से लोग जानते हैं कि पाप करने वालों का नाश होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि रामजी का धन चुराने वालों का सर्वनाश होगा।विपक्ष की इस रैली में अखिलेश यादव ने SIR, कथित वोट चोरी और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर भाजपा पर हमला बोला। उनके भाषण का मुख्य संदेश उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा को सत्ता से हटाने का दावा रहा।