पंजाब पुलिस ने पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में हलफनामा दाखिल कर बताया कि लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) कैंपस में 26 सितंबर को दुष्कर्म की कोई घटना नहीं हुई थी। SIT की जांच में कोई सबूत नहीं मिलने के बाद पुलिस अब मामले में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल करने की तैयारी कर रही है।
Knews Desk- पंजाब के लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) कैंपस में 26 सितंबर को हुए हंगामे और विरोध-प्रदर्शन के मामले में पंजाब पुलिस ने हाईकोर्ट में अपनी स्थिति स्पष्ट की है। पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) की जांच में यूनिवर्सिटी परिसर या गर्ल्स हॉस्टल के भीतर दुष्कर्म की किसी घटना की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस के मुताबिक, छात्रों के बीच फैली एक कथित झूठी अफवाह के कारण कैंपस में तनाव और हंगामे की स्थिति पैदा हुई थी।
जांच के दौरान SIT ने गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं, सुरक्षाकर्मियों और यूनिवर्सिटी प्रशासन के कर्मचारियों समेत 50 से अधिक लोगों के बयान दर्ज किए। इसके अलावा, घटना वाले दिन और उससे पहले के दिनों के कैंपस तथा हॉस्टल के CCTV फुटेज और डिजिटल रिकॉर्ड की भी जांच की गई। पुलिस ने हाईकोर्ट को बताया कि विस्तृत जांच के बावजूद दुष्कर्म या यौन उत्पीड़न से जुड़ा कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष सबूत नहीं मिला।
पुलिस के हलफनामे के अनुसार, 26 सितंबर को हॉस्टल में एक छात्रा के साथ कथित अप्रिय घटना की खबर सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर फैलने के बाद छात्र विरोध-प्रदर्शन करने लगे थे। बिना पुष्टि के फैली इस खबर के बाद बड़ी संख्या में छात्र कैंपस में एकत्र हुए और पुलिस तथा यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने के बाद पंजाब पुलिस अब संबंधित निचली अदालत में क्लोजर रिपोर्ट पेश करने की तैयारी कर रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि अफवाह फैलाने और फर्जी खबरें प्रसारित करने वालों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है।