KNEWS DESK- छठ महापर्व पर बिहार जाने वाले यात्रियों को राहत देने के लिए दिल्ली सरकार नई अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू करने की तैयारी कर रही है। योजना के तहत दिल्ली से बिहार के सात शहरों के लिए 50 से अधिक एसी लग्जरी वोल्वो बसें चलाने का प्रस्ताव है। सरकार का लक्ष्य इस सेवा को छठ से पहले शुरू करना है, ताकि त्योहार के दौरान यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह के मुताबिक, दिल्ली और बिहार सरकार के बीच बस सेवा शुरू करने को लेकर समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर सहमति बन चुकी है। हालांकि, सेवा शुरू करने के लिए अंतिम मंजूरी की प्रक्रिया अभी बाकी है। परिवहन विभाग ने इस संबंध में उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू को प्रस्ताव भेजा है। मंजूरी मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
पहले चरण में पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर समेत बिहार के सात शहरों को दिल्ली से सीधे जोड़ा जाएगा। इससे छठ के दौरान घर जाने वाले लोगों को सफर के लिए एक अतिरिक्त विकल्प मिल सकेगा। लंबी दूरी को ध्यान में रखते हुए फिलहाल इलेक्ट्रिक बसों के बजाय एसी वोल्वो बसें चलाने की योजना है। इन बसों में यात्रियों के सामान के लिए भी पर्याप्त जगह उपलब्ध होगी।
परिवहन विभाग ने दिल्ली से बिहार के बीच बस संचालन के लिए कुल 18 रूट चिन्हित किए हैं। हालांकि, शुरुआती चरण में केवल सात शहरों के लिए सेवा शुरू की जाएगी। यात्रियों की मांग और बस संचालन के अनुभव के आधार पर भविष्य में अन्य रूटों पर भी सेवा का विस्तार किया जा सकता है।