CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कल होगा विपक्ष का ‘जन महाभियोग’, राहुल गांधी ने बताई वजह

राहुल गांधी ने बताया कि बारिश की वजह से कार्यक्रम को एक दिन के लिए टाला गया है। उन्होंने अमित शाह पर विपक्षी दलों और आम लोगों को दिल्ली आने से रोकने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया।

Knews Desk – मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का प्रस्तावित ‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम अब कल आयोजित किया जाएगा। शुक्रवार को दिल्ली में इंडिया ब्लॉक की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कार्यक्रम टालने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम कल पहले से तय समय पर ही आयोजित किया जाएगा।

राहुल गांधी ने कार्यक्रम टालने की वजह बताते हुए कहा, “आम सहमति से, हमने आज का प्रोग्राम बारिश की वजह से कल उसी समय के लिए टालने का फैसला किया है। हमें लगा कि सीनियर लोगों के लिए बारिश में बैठना ठीक नहीं होगा, और हम कल भी ठीक वैसा ही प्रोग्राम करेंगे।”

इस दौरान राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर लोगों को दिल्ली आने से रोकने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष की ओर से अगले दिन रामलीला मैदान तक मार्च निकाला जाएगा। राहुल गांधी के मुताबिक, विपक्ष के सभी दल इस कार्यक्रम में शामिल होना चाहते हैं, लेकिन गृह मंत्री उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, तेलंगाना और पंजाब से आने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों को रोकने की कोशिश कर रहे हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि रामलीला मैदान में होने वाले कार्यक्रम में कितने लोग शामिल होते हैं और कितने लोगों को आने से रोका जाता है, इससे देश की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने दावा किया कि लोगों में काफी गुस्सा और भावनात्मक पीड़ा है, क्योंकि लाखों लोगों को उनके वोट देने के अधिकार से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ चुनिंदा लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए वोट चोरी की जा रही है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि यह अलग-अलग आंदोलन नहीं, बल्कि एक ही विरोध प्रदर्शन का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष एकजुट होकर संविधान, भारत के विचार और नागरिकों के वोट देने के अधिकार की रक्षा के लिए खड़ा है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि जो कोई भी विरोध प्रदर्शन में शामिल होना चाहता है, वह इसमें हिस्सा ले सकता है।

विपक्ष की ओर से 1 नवंबर को रामलीला मैदान में बड़ी रैली आयोजित करने की भी बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *