KNEWS DESK- उत्तराखंड के चमोली जिले में जोशीमठ क्षेत्र के पास हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा के लिए उड़ान भरने वाले ट्रांस भारत एविएशन के हेलिकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे। हादसे में सभी छह लोगों की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी में खराब मौसम को दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के मुताबिक, हेलिकॉप्टर ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर को दोपहर 1:14 बजे बदरीनाथ धाम से उड़ान भरी थी। इसका कॉल साइन VT-HCX था। जोशीमठ घाटी के ऊपर पहुंचने के बाद हेलिकॉप्टर का संपर्क कंट्रोल सेंटर से टूट गया। इसके बाद उसकी ट्रैकिंग भी बंद हो गई। बाद में चाई और थैंग गांव के आसपास हेलिकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली।
हेलिकॉप्टर में पायलट कैप्टन हिमांशु के अलावा पांच यात्री सवार थे। यात्रियों की पहचान प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एचएस नटराज के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पांचों यात्री बेंगलुरु के रहने वाले थे। हादसे के बाद खराब मौसम को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मौसम विभाग ने क्षेत्र में ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। जांच में मौसम, हेलिकॉप्टर की तकनीकी स्थिति और उड़ान संचालन से जुड़े सुरक्षा मानकों की पड़ताल की जाएगी।
हादसे के बाद उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) ने एहतियातन ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के पूरे हेलिकॉप्टर बेड़े की उड़ानों पर रोक लगा दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव अभियान तेज करने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं। सेना, जिला प्रशासन, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर जुटी हैं।