Knews Desk- बेन डकेट ने लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में अब तक केवल चार वनडे मुकाबले खेले हैं, जिनमें उन्होंने तीन शतक लगाए हैं। इस उपलब्धि के साथ वह लाहौर में सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के केन विलियमसन और श्रीलंका के अरविंद डी सिल्वा को पीछे छोड़ दिया है। इन दोनों बल्लेबाजों ने इस मैदान पर दो-दो वनडे शतक लगाए थे। डकेट ने महज चार पारियों में तीन शतक लगाकर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया है।
लाहौर में वनडे शतकों के मामले में डकेट ने पाकिस्तान के कई दिग्गज खिलाड़ियों की बराबरी भी कर ली है। मोहम्मद यूसुफ और शोएब मलिक ने इस मैदान पर 22-22 पारियों में तीन वनडे शतक लगाए थे। वहीं, पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज जहीर अब्बास ने छह पारियों में तीन शतक लगाने का कारनामा किया था। डकेट ने केवल चार पारियों में तीन शतक लगाकर इस मैदान पर अपनी खास पहचान बना ली है।श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत शानदार रही। बेन डकेट ने टॉम बैंटन के साथ मिलकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने 25 ओवर में 163 रन जोड़े। इस दौरान इंग्लैंड का स्कोर 15.1 ओवर में ही 100 रन के पार पहुंच गया। बैंटन ने 49 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 74 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, दूसरे छोर पर डकेट ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी।
बैंटन के आउट होने के बाद डकेट ने कप्तान हैरी ब्रूक के साथ मिलकर 70 गेंदों में शतकीय साझेदारी की। उन्होंने 14 चौकों की मदद से केवल 89 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उनकी पारी में शानदार टाइमिंग और आक्रामक अंदाज देखने को मिला। इस शतक के साथ उन्होंने एक बार फिर साबित किया कि वह बड़े मुकाबलों में तेजी से रन बनाने और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने की क्षमता रखते हैं।वनडे क्रिकेट में भी बेन डकेट के आंकड़े शानदार हैं। उन्होंने अब तक 44 पारियों में छह शतक लगाए हैं। इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 46.57 रहा है, जबकि उनका स्ट्राइक रेट 100 से अधिक है। ये आंकड़े उनकी निरंतरता और आक्रामक बल्लेबाजी को दर्शाते हैं। इंग्लैंड की टीम भले ही ट्राई सीरीज में जीत हासिल नहीं कर सकी, लेकिन डकेट का प्रदर्शन उसके लिए सकारात्मक पहलू रहा। पाकिस्तान के खिलाफ शतक के बाद श्रीलंका के विरुद्ध सेंचुरी लगाकर उन्होंने अपनी फॉर्म का परिचय दिया और लाहौर में ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।