Knews Desk- दिल्ली स्थित जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव को लेकर जारी विवाद के बीच पढ़ाई और परीक्षाओं के संचालन में बदलाव किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपने नए आदेश में स्पष्ट किया है कि 8 नवंबर तक सभी कोर्सेज की नियमित कक्षाएं ऑनलाइन माध्यम से चलेंगी। दूसरे सेमेस्टर की मिड टर्म परीक्षाएं भी ऑनलाइन कराई जाएंगी। परिसर में तनावपूर्ण हालात के बीच प्रशासन ने छात्रों की पढ़ाई जारी रखने के लिए यह व्यवस्था की है। विश्वविद्यालय 8 नवंबर के बाद स्थिति की समीक्षा करेगा और आगे के निर्णय परिस्थितियों के आधार पर लिए जाएंगे।
इससे पहले 24 अक्टूबर को परिसर में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने कक्षाओं को ऑनलाइन संचालित करने का फैसला लिया था। कुलपति मजहर आसिफ की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस व्यवस्था को दिवाली की छुट्टियां शुरू होने तक जारी रखने पर सहमति बनी थी। अब प्रशासन ने ऑनलाइन कक्षाओं के साथ दूसरे सेमेस्टर की मिड टर्म परीक्षाओं को भी इसी माध्यम से कराने का निर्णय लिया है।विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा संचालन को व्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न विभागों को जरूरी निर्देश भी दिए हैं। डीन, विभागाध्यक्षों और निदेशकों को परीक्षा नियंत्रक के साथ समन्वय करके ऑनलाइन परीक्षाओं का शेड्यूल और प्रक्रिया तय करने के लिए कहा गया है। इसके अलावा पीएचडी कर रहे छात्रों को अपने शोध पर्यवेक्षकों यानी सुपरवाइजर के साथ ऑनलाइन संपर्क बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। रजिस्ट्रार ने सभी विभागों को ऑनलाइन कक्षाओं और परीक्षाओं का संचालन व्यवस्थित तरीके से करने के साथ विद्यार्थियों की उपस्थिति का रिकॉर्ड रखने को भी कहा है।
दूसरी ओर, जामिया में छात्र संघ की बहाली और चुनाव की तारीख घोषित करने की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी है। मंगलवार को आंदोलन 16वें दिन में पहुंच गया। प्रदर्शनकारी छात्र वर्ष 2006 से बंद पड़े छात्र संघ को दोबारा शुरू करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन को चुनाव की निश्चित तारीख स्पष्ट रूप से घोषित करनी चाहिए, ताकि छात्र संघ की बहाली की प्रक्रिया आगे बढ़ सके।छात्रों के मुताबिक, विश्वविद्यालय ने संविधान को मंजूरी मिलने के 15 दिनों के भीतर चुनाव कराने की बात कही है, लेकिन वे इस आश्वासन से संतुष्ट नहीं हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि संविधान को मंजूरी देने की समयसीमा भी स्पष्ट की जाए। उनका कहना है कि चुनाव की प्रक्रिया और उसकी समयसीमा को लेकर स्थिति साफ होनी चाहिए।फिलहाल, विश्वविद्यालय प्रशासन ने 8 नवंबर तक ऑनलाइन कक्षाएं और दूसरे सेमेस्टर की मिड टर्म परीक्षाएं ऑनलाइन कराने की व्यवस्था की है। वहीं, छात्र संघ चुनाव को लेकर प्रदर्शन जारी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि 8 नवंबर के बाद प्रशासन क्या फैसला लेता है और छात्र संघ चुनाव को लेकर जारी गतिरोध किस तरह आगे बढ़ता है।