दिवाली से पहले LPG संकट की आशंका, कमीशन बढ़ाने समेत मांगों को लेकर आज दिल्ली में डीलर्स का प्रदर्शन

त्योहारों के बीच LPG सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (LDAI) अपनी मांगों को लेकर आज दिल्ली में प्रदर्शन करेगा। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर देशभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल की जा सकती है। हालांकि, दूसरे वितरक संगठनों ने हड़ताल का समर्थन नहीं किया है।

Knews Desk LDAI से जुड़े वितरक पूर्वी दिल्ली के CBD ग्राउंड में दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक सांकेतिक धरना-प्रदर्शन करेंगे। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीएस शर्मा के मुताबिक, वितरकों के कमीशन में आठ साल से अधिक समय से नियमित संशोधन नहीं हुआ है। वर्ष 2018 के बाद 2022 में अंतरिम राहत के तौर पर मामूली बढ़ोतरी की गई थी। मांगों को लेकर कई बार ज्ञापन देने के बावजूद समाधान नहीं निकलने का दावा किया गया है।

LDAI ने होम डिलीवरी और प्रशासनिक शुल्क में 75 रुपये की बढ़ोतरी, प्रत्येक e-KYC के लिए 236 रुपये का भुगतान और PNG कनेक्शन लेने पर LPG कनेक्शन छोड़ने की अनिवार्यता खत्म करने की मांग की है। एसोसिएशन ने तेल कंपनियों के अधिकारियों पर कुछ उत्पादों की कथित जबरन बिक्री और गैर-घरेलू सिलेंडरों के साथ फ्री ट्रेड LPG की आपूर्ति को लेकर दबाव बनाने के आरोप भी लगाए हैं।

दूसरी ओर, AILDF और फेडरेशन ऑफ LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स ऑफ इंडिया (FLDI) हड़ताल के समर्थन में नहीं हैं। इन संगठनों का कहना है कि तेल कंपनियों और पेट्रोलियम मंत्रालय के साथ बातचीत से समस्याओं का समाधान निकाला जा सकता है। 21 अक्टूबर को मुंबई में तेल विपणन कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक भी हुई थी। FLDI ने वितरकों से LPG की आपूर्ति और डिलीवरी जारी रखने की अपील की है।

फिलहाल देशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा नहीं हुई है। आज के प्रदर्शन के बाद आंदोलन की आगे की दिशा तय हो सकती है। यदि हड़ताल का फैसला होता है, तो दिवाली के दौरान सिलेंडर डिलीवरी प्रभावित होने की आशंका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *