CJP में फूट की खबरों पर अभिजीत दीपके का जवाब, बोले- ‘मैंने दोनों को गालियां दीं’

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आशुतोष रांका और सौरव दास के साथ अपने रिश्तों को लेकर चल रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पार्टी में मतभेद और अलगाव की खबरों पर तंज कसते हुए कहा कि तीनों अब साथ रहेंगे और आगे की रणनीति मिलकर तय करेंगे।

Knews Desk – कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक मीडिया चैनल को दिए इंटरव्यू में आशुतोष रांका और सौरव दास के साथ अपने रिश्तों को लेकर खुलकर बात की। सोशल मीडिया पर पार्टी के भीतर मतभेद होने और तीनों नेताओं के अलग-अलग रास्ते चुनने की चर्चाओं के बीच अभिजीत ने इन अटकलों पर जवाब दिया।

रेड माइक को दिए इंटरव्यू में अभिजीत दीपके से पूछा गया कि सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा है कि उनके, आशुतोष रांका और सौरव दास के बीच रिश्ते खराब हो गए हैं। साथ ही, यह भी कहा जा रहा है कि आशुतोष रांका और सौरव दास अलग हो गए हैं, जबकि अभिजीत को पार्टी के कथित मास्टरमाइंड के तौर पर अलग कर दिया गया है। महाराष्ट्र जाने और नाराजगी के कारण तीनों के बीच फूट पड़ने की चर्चाओं के साथ CJP के अंत को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

इस पर अभिजीत दीपके ने तंज कसते हुए कहा, “भाई, जो कॉन्स्पिरेसी थ्योरी लिखनी हो न, अच्छी लिखो, मतलब यकीन करने लायक लिखो।” उन्होंने बताया कि जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने आशुतोष रांका और सौरव दास को काफी कुछ सुनाया था। उनके मुताबिक, उन्होंने दोनों से कहा कि जब वे गिरफ्तार होते हैं, तो उन्हें उनके परिवारों से बात करनी पड़ती है और घरवालों को समझाना पड़ता है।

‘मेरे बिना गार्डन में कोई अकेले नहीं घूमेगा’

अभिजीत दीपके ने कहा कि उन्हें अपने परिवार के साथ-साथ आशुतोष रांका और सौरव दास के परिवारों को भी समझाना पड़ रहा है कि उनके साथ क्या हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस काम में उतरने के बाद अब सभी को मिलकर परिस्थितियों का सामना करना होगा।

अभिजीत के मुताबिक, उन्होंने दोनों से साफ कहा है कि आगे जहां भी जाएंगे, तीनों साथ जाएंगे। उन्होंने कहा, “इसके बाद जहां जाएंगे, तीनों साथ जाएंगे। यह मेरे बिना गार्डन में कोई अकेले नहीं घूमेगा।”

उन्होंने आगे कहा कि अब वह आशुतोष रांका और सौरव दास के साथ मिलकर तय करेंगे कि अगला गार्डन कौन जाएगा। उनके इस बयान को पार्टी के भीतर मतभेद और अलगाव की खबरों पर उनकी प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है।

मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन

कॉकरोच जनता पार्टी लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। इसी मुद्दे को लेकर पार्टी ने विरोध प्रदर्शन का ऐलान भी किया था। हालांकि, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने से पहले ही अभिजीत दीपके और उनके साथियों को हिरासत में ले लिया गया था। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।

फिलहाल, अभिजीत दीपके के बयान ने CJP के भीतर मतभेद और तीनों नेताओं के रिश्तों को लेकर चल रही चर्चाओं पर पार्टी का पक्ष सामने रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *