‘मैं तेरा खून लूंगा और आजादी भी…’ प्रभास की ‘फौजी’ का टीजर रिलीज, इस दिन आएगी फिल्म

प्रभास के जन्मदिन पर उनकी फिल्म ‘फौजी’ का धमाकेदार टीजर रिलीज किया गया है। ‘File No. 25: FAUZI’ नाम के इस टीजर में ऐतिहासिक घटनाओं, ब्रिटिश इंटेलिजेंस और एक भारतीय सैनिक की कहानी की झलक दिखाई गई है। पहले 3 दिसंबर 2026 को रिलीज होने वाली यह फिल्म अब 19 मार्च 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

Knews Desk – साउथ सुपरस्टार प्रभास की अपकमिंग फिल्म ‘फौजी’ को लेकर फैंस का इंतजार और बढ़ गया है। पहले इस फिल्म को 3 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना थी, लेकिन अब इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ाकर 19 मार्च 2027 कर दी गई है। प्रभास के जन्मदिन के खास मौके पर फिल्म के निर्देशक हनु राघवपुडी ने इसका टीजर शेयर किया, जिसने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। ‘File No. 25: FAUZI’ नाम से जारी 2 मिनट 31 सेकंड के इस टीजर में सस्पेंस, एक्शन और ऐतिहासिक घटनाओं की झलक देखने को मिलती है।

टीजर की शुरुआत नेताजी सुभाष चंद्र बोस और जर्मन तानाशाह एडोल्फ हिटलर से जुड़े दृश्यों से होती है। इसमें ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि दिखाई गई है। साथ ही ब्रिटिश इंटेलिजेंस और जर्मन अधिकारियों के बीच एक ऐसे भारतीय सैनिक को लेकर चर्चा होती है, जिसे अंग्रेज ‘फौजी’ कहते हैं। टीजर के शुरुआती दृश्य फिल्म की कहानी को लेकर कई सवाल खड़े करते हैं और इसके बड़े कैनवास की झलक पेश करते हैं।

टीजर के आखिरी हिस्से में प्रभास का दमदार और आक्रामक अंदाज देखने को मिलता है। वह दुश्मनों को चुनौती देते नजर आते हैं। फिल्म में उनका किरदार ऐसा सैनिक बताया गया है, जिसकी रणनीति को समझना अंग्रेजों के लिए मुश्किल साबित हो रहा है। टीजर के अंत में प्रभास का डायलॉग, “अबे ओ फिरंगी, मैं तेरा खून लूंगा और आजादी भी छीन के”, उनके किरदार के तेवर और आक्रामकता को दिखाता है।

फिल्म की रिलीज डेट में बदलाव की खबरें लंबे समय से सामने आ रही थीं। बताया जा रहा था कि फिल्म का काम अभी पूरा नहीं हुआ है, जिसके चलते इसकी रिलीज आगे बढ़ाई जा सकती है। अब फिल्म की नई रिलीज डेट 19 मार्च 2027 बताई गई है। वहीं, प्रभास की एक अन्य फिल्म ‘स्पिरिट’ की रिलीज भी आगे बढ़ने की खबरों के बीच ‘फौजी’ के लिए नया रिलीज स्लॉट सामने आया है।

टीजर सामने आने के बाद अब दर्शकों की नजरें फिल्म के अगले अपडेट पर टिकी हैं। ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, देशभक्ति, एक्शन और प्रभास के दमदार अंदाज के साथ ‘फौजी’ को लेकर फैंस के बीच उत्साह देखने को मिल रहा है। अब देखना होगा कि फिल्म 19 मार्च 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देती है या इसकी रिलीज डेट में फिर कोई बदलाव होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *