आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले के कुप्पम से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, अवैध संबंधों के चलते पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और सबूत छिपाने के लिए शव जंगल में दफना दिया। इस वारदात की साजिश ने फिल्म ‘दृश्यम’ की याद दिला दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
Knews Desk- मृतक की पहचान तमिलनाडु के तिरुपत्तूर निवासी शशिकुमार के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, शशिकुमार की पत्नी लक्ष्मी का प्रभु नाम के व्यक्ति के साथ विवाहेतर संबंध था। दोनों ने कथित तौर पर शशिकुमार को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। जांच में सामने आया कि इसी महीने की पहली तारीख को शशिकुमार की हत्या कर दी गई और शव को कुप्पम के पास जंगल में दफना दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने वारदात को छिपाने और परिजनों को गुमराह करने की कोशिश की। शव को सुनसान जंगल में दफनाने के बाद उन्होंने शशिकुमार के लापता होने का आभास कराने का प्रयास किया। हालांकि, कुप्पम शहरी पुलिस ने मामले की जांच तेज की और संदेह के आधार पर लक्ष्मी तथा प्रभु को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मामले में पुलिस की टीमें अब फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से जंगल से शव के अवशेष बरामद करने और हत्या में इस्तेमाल हथियारों समेत अन्य सबूत जुटाने में लगी हैं। घटना के सामने आने के बाद कुप्पम क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।