राजस्थान के जयपुर ग्रामीण में मनोहरपुर-दौसा हाईवे पर रायसर के पास एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
Knews Desk– राजस्थान के जयपुर ग्रामीण में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मनोहरपुर-दौसा हाईवे पर रायसर के पास एक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इस हादसे में चार लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, कार मनोहरपुर से दौसा की ओर जा रही थी। इसी दौरान जमवारामगढ़ क्षेत्र में रायसर के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार खाई में गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीर तुरंत मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
हादसे में जान गंवाने वाले चारों लोगों की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी है। वहीं, गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मृतकों के शवों को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
इससे पहले राजस्थान में दांतीवाड़ा से बाली जा रहे 22 वर्षीय बाइक सवार युवक की भी गुरुवार शाम सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पुल पर सामने से आ रहे ट्रोले की चपेट में आने से यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने पहुंचकर शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। इस घटना के बाद दांतीवाड़ा क्षेत्र में शोक का माहौल है।