Knews Desk– उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कैफे मालिक शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में गिरफ्तार मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और वाहन चालक तनवीर अली उर्फ दानिश को जेल भेज दिया गया है। अदालत ने तीनों आरोपियों को 10 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। गुरुवार रात करीब 8:30 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच तीनों को जिला जेल में दाखिल कराया गया।जानकारी के मुताबिक, श्रद्धा दुबे और उसकी बहन रश्मि दुबे को महिला बैरक के क्वारंटीन बैरक में रखा गया है। दोनों को अन्य महिला बंदियों से अलग रखा गया है। वहीं, चालक तनवीर अली को पुरुष बैरक में शिफ्ट किया गया है। जेल में दाखिले से पहले तीनों की सघन तलाशी ली गई और उनका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।दोनों बहनों की निगरानी के लिए चार महिला जेलकर्मियों को तैनात किया गया है। महिला डिप्टी जेलर भी उनकी गतिविधियों पर नजर रखेंगी। वहीं, चालक की गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (मध्य) अर्पित विजयवर्गीय के मुताबिक, नागपुर से गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाया गया था। यहां उनसे विस्तृत पूछताछ की गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से बरामद दो मोबाइल फोन और अन्य सामान को सील कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। इसके अलावा, आरोपियों से जुड़े अन्य मोबाइल नंबरों की भी पहचान की जा रही है।पुलिस के मुताबिक, हजरतगंज थाने में आरोपियों से पांच घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई। इसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फरार रहने के दौरान पिछले 10 दिनों में आरोपियों को किसने मदद दी और वे किन-किन स्थानों पर ठहरे थे। अधिकारियों ने कहा है कि मदद करने वालों की पहचान होने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, 28 वर्षीय शिवा शर्मा की नौ अक्टूबर को हजरतगंज थाना क्षेत्र के बालू अड्डा इलाके में एक अपार्टमेंट की बालकनी से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरने से मौत हो गई थी। उनकी मां ने श्रद्धा दुबे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। परिजनों का आरोप है कि शिवा को प्रताड़ित करने और पीटने के बाद बालकनी से फेंका गया था। शुरुआत में पुलिस ने इसे दुर्घटनावश हुई मौत माना था, लेकिन परिजनों के आरोपों के बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया।श्रद्धा दुबे (31) अपनी बहन और चालक के साथ फरार थी। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। दूसरी ओर, सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में श्रद्धा ने आरोपों से इनकार किया है। उसका दावा है कि शिवा ने खुद बालकनी से छलांग लगाई थी। उसने शिवा पर 15 से 20 लाख रुपये का कर्ज होने और आत्महत्या की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।फिलहाल, मामले की जांच जारी है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ, मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच और फरारी के दौरान उन्हें मिली कथित मदद से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।