रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी पर सियासी घमासान, बीजेपी ने गांधी परिवार पर साधा निशाना

प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा की दिल्ली स्थित बीकानेर हाउस में आयोजित फोटो प्रदर्शनी को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। प्रदर्शनी से कुछ तस्वीरें हटाए जाने के मामले में बीजेपी ने कांग्रेस और गांधी परिवार पर निशाना साधा है। वहीं, रेहान ने इसे कलात्मक अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़ा मुद्दा बताया है।

Knews Desk – बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने इस विवाद को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी परिवार रेहान वाड्रा को राजनीतिक रूप से आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। भाटिया ने राहुल गांधी और रेहान वाड्रा को लेकर तंज कसते हुए कहा कि अब प्रियंका गांधी अपने बेटे को लॉन्च करने के मिशन पर हैं। बीजेपी ने इस मामले को परिवारवाद की राजनीति से जोड़कर कांग्रेस पर सवाल उठाए।

बीकानेर हाउस की प्रदर्शनी से हटाई गईं तस्वीरें

यह विवाद रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी ‘No Idea Is Final’ से जुड़ा है, जिसका आयोजन दिल्ली के बीकानेर हाउस में किया गया। रेहान के मुताबिक, उनकी प्रदर्शनी में दिल्ली में हुए युवा आंदोलनों और विरोध प्रदर्शनों को दर्शाने वाली तस्वीरें शामिल थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनी शुरू होने से कुछ घंटे पहले प्रबंधन ने कई तस्वीरें हटाने को कहा। रेहान के अनुसार, 105 तस्वीरों में से 74 तस्वीरें हटानी पड़ीं, जिनमें तिरंगे से जुड़ी दो तस्वीरें भी शामिल थीं।

रेहान ने उठाए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सवाल

रेहान वाड्रा ने कहा कि कलाकारों की अभिव्यक्ति पर रोक लगाना गलत है। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी का लेआउट पहले ही प्रबंधन के साथ साझा किया गया था, इसके बावजूद अंतिम समय में तस्वीरें हटाने को कहा गया। रेहान ने यह भी कहा कि उन्हें नहीं पता कि इस फैसले के पीछे कोई राजनीतिक दबाव था या नहीं, लेकिन उनके अनुसार फैसला बीकानेर हाउस के प्रबंधन ने लिया।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने बेटे का समर्थन करते हुए लिखा कि जब ताकतवर व्यक्ति किसी दूसरे की अभिव्यक्ति से डरने लगता है, तो वह उस ताकत को पहले ही खो चुका होता है, जिसे बचाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने रेहान से कहा कि सच के साथ खड़े रहें और उन्हें अपने बेटे पर गर्व है।

तस्वीरें हटाए जाने के मामले ने कलात्मक स्वतंत्रता और राजनीतिक सामग्री को लेकर बहस छेड़ दी है। बीजेपी ने जहां इस विवाद को गांधी परिवार और कांग्रेस की राजनीति से जोड़कर निशाना साधा है, वहीं कांग्रेस नेताओं ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाने का मामला बताया है। बीकानेर हाउस प्रबंधन ने कहा है कि हटाई गई तस्वीरें संस्थान की निर्धारित नीतियों के अनुरूप नहीं थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *