लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे समेत तीन लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस ने श्रद्धा का बैंक खाता फ्रीज कराया है, जिसमें करीब 6 लाख रुपये होने की जानकारी है। उसके पास से चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
Knews Desk– उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कैफे कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में जांच तेज हो गई है। मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर को नागपुर से गिरफ्तार कर लखनऊ लाया गया था। गुरुवार को श्रद्धा से करीब पांच घंटे तक पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, वह पूछताछ में सहयोग नहीं कर रही है।
पुलिस का मुख्य फोकस 9 अक्टूबर को हुई घटना की कड़ियां जोड़ने पर है। अधिकारियों ने तीनों आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ की और बाद में आमने-सामने बैठाकर भी सवाल किए। सूत्रों का दावा है कि तीनों बार-बार एक जैसी बातें बता रहे हैं। पुलिस अब उनके बयानों का मिलान उपलब्ध साक्ष्यों से कर रही है।
जांच के दौरान श्रद्धा दुबे का एक बैंक खाता फ्रीज कराया गया है, जिसमें छह लाख रुपये जमा होने की बात कही गई है। उसके पास से चार मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, पूछताछ के दौरान श्रद्धा को अपने इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की चिंता भी सता रही थी।
पुलिस ने श्रद्धा से सवाल किया कि 9 अक्टूबर को शिवा शर्मा के साथ क्या हुआ था, घटना के समय फ्लैट में कौन मौजूद था और पुलिस को तुरंत सूचना क्यों नहीं दी गई। इसके अलावा, अस्पताल छोड़ने, लखनऊ से निकलने, नेपाल सीमा तक जाने और बाद में नागपुर पहुंचने को लेकर भी सवाल किए गए हैं। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फरारी के दौरान उसे किसने मदद और आर्थिक सहायता दी।
गौरतलब है कि 9 अक्टूबर को लखनऊ के हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। वह उसी मंजिल पर रहते थे, जहां श्रद्धा दुबे का फ्लैट बताया गया है। शिवा की मां ने श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर तनवीर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।