उत्तराखंड के कुंजापुरी मेले में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस को लेकर शुरू हुआ विवाद लगातार चर्चा में है। मीका सिंह समेत कई फिल्मी हस्तियों के समर्थन के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मंत्री अपनी बात रख चुके हैं और अब इस विवाद को खत्म कर देना चाहिए।
Knews Desk – उत्तराखंड में कुंजापुरी मेले के दौरान पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस को लेकर शुरू हुआ विवाद अब तूल पकड़ चुका है। इस मामले में सिंगर मीका सिंह समेत बॉलीवुड की कई हस्तियां दलेर मेहंदी के समर्थन में सामने आई हैं। वहीं, फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने भी इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखा है। इस बीच मुख्यमंत्री धामी ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि अब विवाद को विराम देना चाहिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में विपक्ष के ‘वोट चोरी’ अभियान को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह बात कही। दलेर मेहंदी से जुड़े विवाद पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि उस वक्त जनता का दबाव रहा होगा… मंत्री जी ने खुद बोल दिया है कि मुझे उनकी हेल्थ की जानकारी नहीं थी। मुझे लगता है कि अब इसको यहीं विराम देना चाहिए।”
मीका और दलेर मेहंदी से खुद बात करेंगे CM धामी
मुख्यमंत्री धामी ने दलेर मेहंदी के समर्थन में मीका सिंह और अन्य फिल्मी हस्तियों के सामने आने पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड कलाकारों और साहित्यकारों का सम्मान करने वाली धरती है। धामी ने कहा, “उत्तराखंड तो कलाकारों-साहित्यकारों का सम्मान करने वाली धरती है। मैं मीका जी से और दलेर मेहंदी जी से बात करूंगा। दोनों ही हमारे मित्र हैं।”
दरअसल, पूरा मामला टिहरी गढ़वाल में आयोजित मां कुंजापुरी मेले का है। यहां पंजाबी गायक दलेर मेहंदी को प्रस्तुति देने के लिए आमंत्रित किया गया था। परफॉर्मेंस के दौरान उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच पर पहुंचकर उनकी प्रस्तुति पर सवाल उठाए। मंत्री ने गायक के कन्फ्यूज्ड लगने, गानों पर लिप-सिंक करने और शराब पीने को लेकर आरोप लगाए थे।
मीका सिंह बोले- मैं अपने भाई को जानता हूं, वह शराब नहीं पीता
दलेर मेहंदी के समर्थन में सिंगर मीका सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा कर पूरे मामले की आलोचना की। उन्होंने कहा कि वह अपने भाई दलेर मेहंदी को अच्छी तरह जानते हैं और वह शराब नहीं पीते हैं।
मीका सिंह के मुताबिक, दलेर मेहंदी पिछले दो साल से बीमार हैं और अभी भी ठीक हो रहे हैं। इसके बावजूद वह अपने बैंड के साथ परफॉर्म करते रहते हैं। मीका ने यह भी कहा कि आजकल कई कलाकार बैकिंग ट्रैक का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इस आधार पर किसी कलाकार को इस तरह निशाना बनाना उचित नहीं है।
मीका सिंह ने दलेर मेहंदी पर शराब पीने के आरोपों को गलत बताते हुए संबंधित जिम्मेदार व्यक्ति से अपनी बात स्वीकार करने और गायक के साथ हुए व्यवहार के लिए माफी मांगने की मांग की। उन्होंने दलेर मेहंदी का समर्थन करने के लिए फिल्म इंडस्ट्री का भी आभार जताया।
FWICE ने PM मोदी और CM धामी को लिखा पत्र
फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने भी इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखा है। फेडरेशन ने लाइव परफॉर्मेंस के दौरान गायक के साथ हुए व्यवहार पर चिंता जताई है।
पत्र में फेडरेशन ने आग्रह किया है कि जनप्रतिनिधियों को कलाकारों और परफॉर्मर्स के साथ व्यवहार करते समय संवेदनशीलता बरतने की सलाह दी जाए। अब मुख्यमंत्री धामी के बयान और कलाकारों के समर्थन के बीच इस विवाद पर आगे क्या रुख सामने आता है, इस पर सबकी नजर है।