नोएडा में पुरानी करेंसी बदलने के नाम पर 41.45 लाख की ठगी, फेसबुक विज्ञापन से फंसी महिला

फेसबुक पर पुरानी करेंसी के बदले ज्यादा रकम देने का विज्ञापन देखकर महिला साइबर ठगों के जाल में फंस गई। आरोपियों ने जीएसटी और अन्य शुल्क के नाम पर 41,45,038 रुपये ट्रांसफर करा लिए। शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Knews Desk– नोएडा में पुरानी करेंसी के बदले अधिक रकम देने का झांसा देकर एक महिला से 41.45 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। सेक्टर-26 निवासी अनुराधा छेत्री ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने फेसबुक पर पुरानी करेंसी के बदले बड़ी रकम देने का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उन्हें कई मोबाइल नंबरों से व्हाट्सऐप और सामान्य कॉल आने लगे।

आरोपियों ने पुरानी करेंसी के बदले अधिक रकम दिलाने का भरोसा दिया। कॉल करने वालों में कुछ ने खुद को जीएसटी अधिकारी बताया। अलग-अलग शुल्क और जीएसटी के नाम पर एक अक्टूबर से 13 अक्टूबर 2026 के बीच महिला से 41 लाख 45 हजार 38 रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। आरोपियों ने रकम नहीं देने पर कानूनी कार्रवाई की धमकी भी दी। इसके बाद महिला को ठगी का एहसास हुआ।

पीड़िता ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा रकम वापस दिलाने की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर संबंधित मोबाइल नंबरों, व्हाट्सऐप खातों और बैंक लेनदेन की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, पुरानी करेंसी के लेनदेन से जुड़े नियमों का उल्लंघन कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है। वहीं, लोगों को ऑनलाइन विज्ञापनों के जरिए ज्यादा रकम देने के दावों से सावधान रहने की सलाह दी गई है। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे ट्रांसफर न करें और सरकारी अधिकारी बताने वाले व्यक्ति की पहचान की पुष्टि करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *