तस्वीरें हटाने के विवाद में बेटे के साथ खड़ी हुईं प्रियंका गांधी, सोशल मीडिया पर कही बड़ी बात

दिल्ली के बीकानेर हाउस में रेहान वाड्रा की ‘नो आइडिया इज फाइनल’ प्रदर्शनी से युवा विरोध प्रदर्शनों की तस्वीरें हटाने का मामला सामने आया है। रेहान के मुताबिक, अधिकारियों ने 105 में से 75 तस्वीरें हटाने को कहा था। प्रियंका गांधी ने इस कदम पर सवाल उठाए हैं।

Knews Desk– दिल्ली के बीकानेर हाउस में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी ‘नो आइडिया इज फाइनल’ से युवा विरोध प्रदर्शनों की तस्वीरें हटाए जाने को लेकर विवाद सामने आया है। रेहान ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने तस्वीरों को आपत्तिजनक मानते हुए हटाने को कहा था।

रेहान के मुताबिक, प्रदर्शनी में कुल 105 तस्वीरें थीं, जिनमें से 75 हटाने का निर्देश दिया गया। ऐसा नहीं करने पर प्रदर्शनी रद्द करने की बात कही गई थी। उन्होंने बताया कि तस्वीरें दिल्ली में हुए युवा प्रदर्शनों को दर्ज करने के उद्देश्य से लगाई गई थीं। इनमें तिरंगे वाली दो तस्वीरें भी शामिल थीं। रेहान के अनुसार, कुल 74 तस्वीरें हटानी पड़ीं।

रेहान ने कहा कि उनका मकसद देश में हो रहे आंदोलनों को कलात्मक नजरिए से दर्ज करना और लोगों के एकजुट होने की लय को तस्वीरों में कैद करना था। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी इस मामले को उठाया। बीकानेर हाउस के अधिकारियों की ओर से इस संबंध में कोई जवाब नहीं दिया गया।

प्रियंका गांधी ने तस्वीरें हटाए जाने के फैसले को बेतुका बताया। उन्होंने कहा कि तस्वीरों में केवल विरोध प्रदर्शन दिखाए गए थे, उनमें कोई टिप्पणी या अपमानजनक सामग्री नहीं थी। प्रियंका ने चिंता जताई कि युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज उनके बेटे के साथ ऐसा हुआ है, कल किसी अन्य कलाकार के साथ भी हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *