कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश को नागपुर से गिरफ्तार किया है। तीनों को लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली लाया गया है, जहां उनके बयान दर्ज किए जाएंगे।
Knews Desk– लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में गिरफ्तार मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश को पुलिस बुधवार को लखनऊ लेकर पहुंची। तीनों को हजरतगंज कोतवाली लाया गया है। मेडिकल जांच के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। कोतवाली में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस, उत्तर प्रदेश एसटीएफ और नागपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार को तीनों को गिरफ्तार किया गया था। तीनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। बुधवार को नागपुर कोर्ट में ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद पुलिस उन्हें लेकर लखनऊ रवाना हुई। इस मामले में हजरतगंज थाने में श्रद्धा, रश्मि, दानिश, आदिल और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कराया गया था। लगातार बदलती लोकेशन के कारण उनकी गिरफ्तारी चुनौती बनी हुई थी, जिसके बाद यूपी एसटीएफ को भी तलाश में लगाया गया।
पुलिस के अनुसार, श्रद्धा अपनी बहन और ड्राइवर के साथ करीब 2,200 किलोमीटर का सफर तय कर कई होटलों और लॉज में ठहरी थी। टीमों के पहुंचने से कुछ घंटे पहले ही तीनों ठिकाना बदल देते थे। उनकी नेपाल भागने की आशंका भी जताई गई थी। पुलिस की पड़ताल में गाड़ी के सीतापुर-लखीमपुर मार्ग से बहराइच के रुपईडीहा बॉर्डर तक पहुंचने की जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, श्रद्धा नेपाल के बुटवल स्थित एक होटल में भी ठहरी थी।