दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दोनों नेताओं को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया, इससे पहले अदालत ने 50-50 हजार रुपये के निजी मुचलके पर रिहाई का आदेश दिया था।
Knews Desk- सीजेपी नेता सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दोनों को समन जारी किया है। पुलिस ने दोनों नेताओं को अपने बयान दर्ज कराने के लिए आज क्राइम ब्रांच के सामने पेश होने का निर्देश दिया है।
दोनों को आज राजौरी गार्डन स्थित क्राइम ब्रांच कार्यालय में दोपहर 12 बजे उपस्थित होना होगा। यहां उनसे मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की जाएगी और उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। इस कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों नेताओं की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।
इससे पहले, बुधवार को विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट की अदालत ने दोनों नेताओं को 50-50 हजार रुपये के निजी मुचलके और जमानत बॉन्ड पर तिहाड़ जेल से रिहा करने का आदेश दिया था। कोर्ट में दोनों नेताओं ने लिखित में हलफनामा दिया था कि जब तक जंतर-मंतर का क्षेत्र डी-नोटिफाई रहेगा, वे वहां न तो शांति भंग करेंगे और न ही किसी प्रदर्शन का आह्वान करेंगे।