पुलिस स्मृति दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहीद पुलिसकर्मियों को नमन करते हुए उनके बलिदान को प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं है और पुलिस व्यवस्था को अधिक सक्षम, आधुनिक और जवाबदेह बनाया गया है।
Knews Desk- उत्तर प्रदेश में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कर्तव्यपालन के दौरान प्राण न्योछावर करने वाले वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा, समाज की शांति और नागरिकों के जीवन की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों का साहस और समर्पण हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।
सीएम योगी ने वर्ष 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में माफिया राज था। मथुरा के जवाहर बाग की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां कानून की रक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को अपने प्राणों का बलिदान देना पड़ा था। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज नए उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं है। प्रदेश उपद्रव से उत्सव प्रदेश बना है और पुलिस को अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की स्वतंत्रता मिली है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 2.26 लाख से अधिक पुलिस भर्तियां हुई हैं और प्रशिक्षण क्षमता में 10 गुना वृद्धि की गई है। सात बड़े शहरों में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू की गई है। प्रत्येक जिले में साइबर थाने और हर थाने में महिला हेल्प डेस्क की स्थापना का भी उल्लेख किया। सीएम योगी के मुताबिक, गैंगस्टर एक्ट के तहत 88,973 अपराधियों पर कार्रवाई की गई और 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प उत्तर प्रदेश को सुरक्षित, न्यायपूर्ण और भयमुक्त बनाए रखना है। उन्होंने शहीद पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के त्याग को सदैव याद रखने की बात भी कही।