न्यूयॉर्क में भारतीयों के साथ गरबा खेलते दिखे जोहरान ममदानी, मंदिर में पुजारी से लिया आशीर्वाद

न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी का नवरात्रि समारोह में गरबा खेलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। काले सूट पर दुपट्टा डाले ममदानी भारतीय समुदाय के साथ पारंपरिक गुजराती संगीत पर कदम मिलाते नजर आए। इसके बाद वह एक मंदिर भी पहुंचे, जहां उन्होंने पुजारी से आशीर्वाद लिया।

Knews Desk– अमेरिका के सबसे बड़े शहर न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी नवरात्रि समारोह में भारतीय समुदाय के साथ शामिल हुए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में ममदानी काले सूट के ऊपर दुपट्टा डाले गरबा करते दिखाई दे रहे हैं। उनके इस अंदाज की सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है।

गरबा कार्यक्रम में शामिल होने के बाद ममदानी न्यूयॉर्क के क्वींस स्थित वुडसाइड के श्री दिव्य धाम मंदिर पहुंचे। यहां उन्हें पुजारी से आशीर्वाद लेते हुए देखा गया। उनके इस दौरे को भारतीय हिंदू समुदाय के साथ जुड़ाव के तौर पर देखा जा रहा है।

https://www.instagram.com/reel/Desua6ytej6/?utm_source=ig_web_copy_link&psln=NTc4MTIwNjQ2YQ==

ममदानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी हिंदू समुदाय को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दुर्गा पूजा, दशईं, दशहरा और नवरात्रि जैसे त्योहारों का जिक्र करते हुए भारतीय परंपराओं की विविधता को सराहा। उन्होंने सिंदूर खेला और घरों में गोलू सजाने जैसी परंपराओं का भी उल्लेख किया।

ममदानी ने अपने संदेश में कहा कि नवरात्रि के दौरान लोग देवी दुर्गा की आराधना करते हैं और यह समय आत्मचिंतन तथा नई शुरुआत का अवसर लेकर आता है। उन्होंने कहा कि त्योहार का नाम चाहे दुर्गा पूजा, दशईं, दशहरा या नवरात्रि हो, यह समुदायों को अपनी परंपराओं से जुड़ने का मौका देता है।

भारतीय समुदाय के साथ गरबा खेलने और मंदिर में आशीर्वाद लेने के ममदानी के वीडियो को लोग पसंद कर रहे हैं। उनके इस अंदाज ने एक बार फिर न्यूयॉर्क में सांस्कृतिक विविधता और विभिन्न समुदायों की परंपराओं में भागीदारी को चर्चा में ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *