करण जौहर के टॉक शो ‘कॉफी विद करण 9’ में विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना साथ नजर आने वाले हैं। शो के प्रोमो में दोनों ने अपनी शादी और निजी जिंदगी से जुड़े दिलचस्प किस्से साझा किए हैं। रैपिड फायर राउंड में भी दोनों की मजेदार नोकझोंक देखने को मिली।
Knews Desk – करण जौहर के चर्चित टॉक शो ‘कॉफी विद करण 9’ के दूसरे एपिसोड में साउथ स्टार विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना साथ नजर आने वाले हैं। रश्मिका ने साउथ सिनेमा के साथ हिंदी फिल्मों में भी अपनी पहचान बनाई है। दोनों की जोड़ी को दर्शक काफी पसंद करते हैं। शो का प्रोमो सामने आने के बाद से ही इसकी चर्चा हो रही है। प्रोमो में विजय और रश्मिका अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कई दिलचस्प किस्से साझा करते दिखाई दे रहे हैं।
‘कॉफी विद करण’ में विजय देवरकोंडा ने बताया कि रश्मिका मंदाना ने उनसे शादी करने के लिए 100 बार कहा था। वहीं, रश्मिका ने इस बात को अलग अंदाज में पेश करते हुए कहा कि उन्होंने विजय को 100 बार नहीं, बल्कि पूरे साल शादी के लिए मनाया था। दरअसल, करण जौहर ने दोनों से पूछा कि क्या उनके बीच कोई प्रपोजल हुआ था। इस पर विजय ने बताया कि रश्मिका ने उनसे शादी की बात कही थी। विजय ने कहा, “इन्होंने कहा, चलो शादी करते हैं, मैंने कहा ठीक है, आप मुझसे इस बारे में 100 बार पूछ चुकी हैं।”
जब करण जौहर ने रश्मिका से पूछा कि क्या उन्होंने सच में 100 बार शादी के लिए कहा था, तो रश्मिका ने जवाब दिया कि उन्होंने विजय से पूरे साल यह बात कही थी। इस पर विजय के जवाब ने माहौल को और मजेदार बना दिया।
प्रोमो में रैपिड फायर राउंड की झलक भी देखने को मिली। इस दौरान करण जौहर ने रश्मिका से रणबीर कपूर और अल्लू अर्जुन में से किसी एक को चुनने के लिए कहा। रश्मिका ने बिना देर किए अल्लू अर्जुन का नाम लिया। बता दें कि रश्मिका ने रणबीर कपूर के साथ फिल्म ‘एनिमल’ और अल्लू अर्जुन के साथ ‘पुष्पा’ में काम किया है।
करण जौहर ने विजय से यह भी पूछा कि रश्मिका के अलावा पर्दे पर उनकी केमिस्ट्री किसके साथ सबसे अच्छी है। इस पर रश्मिका ने बीच में जवाब देते हुए कहा, “किसी के साथ नहीं।” विजय ने भी मजेदार अंदाज में कहा, “शादी का रूल नंबर 101: पत्नी के साथ सहमत होना।” उनकी इस बात पर करण जौहर और रश्मिका हंसने लगते हैं।
रश्मिका मंदाना पहली बार ‘कॉफी विद करण’ का हिस्सा बनी हैं। हालांकि, विजय देवरकोंडा इससे पहले शो के सातवें सीजन में नजर आ चुके हैं। उस दौरान वह अपनी फिल्म ‘लाइगर’ की को-स्टार अनन्या पांडे के साथ करण जौहर के शो में पहुंचे थे।
शो के इस सीजन को लेकर बताया गया है कि यह इसका आखिरी सीजन है। पहले एपिसोड में सलमान खान ने शिरकत की थी, जबकि करिश्मा कपूर भी कुछ देर के लिए नजर आई थीं। विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना का एपिसोड 21 अक्टूबर को शाम 7 बजे जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होने वाला है।