‘बेटी से छेड़खानी करने वाले का हाथ काटो, 2 लाख इनाम दूंगा’, पप्पू यादव के बयान पर विवाद

Knews Desk– पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने बिहार के मधेपुरा जिले के खुर्दा महोत्सव में विवादित बयान दिया है। उन्होंने बेटियों से छेड़खानी करने वालों के खिलाफ कड़े प्रतिरोध की बात कहते हुए ऐलान किया कि ऐसा करने वाले का हाथ काटकर लाने वाले को वह 2 लाख रुपये का इनाम देंगे। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा शुरू हो गई है।

पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। मधेपुरा जिले के कुमारखंड प्रखंड स्थित अपने पैतृक गांव खुर्दा में आयोजित दुर्गा महोत्सव के उद्घाटन कार्यक्रम में संबोधन के दौरान उन्होंने बेटियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। इसी दौरान उन्होंने छेड़खानी करने वाले का हाथ काटकर लाने वाले को 2 लाख रुपये देने की घोषणा की।

पप्पू यादव ने कहा कि बेटियों के साथ छेड़खानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे अपराधियों के खिलाफ महाभारत से भी बड़ा युद्ध होगा। उनके इस बयान के बाद महिलाओं की सुरक्षा और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर बहस तेज हो गई है।

सोशल मीडिया पर बयान को लेकर चर्चा

सांसद के बयान के बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे बेटियों की सुरक्षा के प्रति सख्त रुख के तौर पर देख रहे हैं, जबकि अन्य ने हिंसा की बात कहने और कानून अपने हाथ में लेने को प्रोत्साहित करने पर सवाल उठाए हैं।

महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर सख्त कार्रवाई की मांग के बीच यह बहस भी उठी है कि अपराधियों को सजा देने का अधिकार कानून और न्यायिक प्रक्रिया के तहत ही होना चाहिए।

क्या है खुर्दा महोत्सव?

मधेपुरा जिले के कुमारखंड प्रखंड स्थित खुर्दा गांव पप्पू यादव का पैतृक गांव है। यहां दुर्गा पूजा के अवसर पर महोत्सव और मेले का आयोजन किया जाता है। इस दौरान कुश्ती, कबड्डी जैसी खेल प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *